जून तक नियुक्त होंगे नगर निगम में तीन परामर्शी इंजीनियर, ११ आवेदन को शॉर्ट लिस्ट करेगी कमेटी

4800 करोड़ के सिंहस्थ कार्यों को समय पर पूरा करने की चुनौती

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ के भारी-भरकम कामों को समय पर पूरा करने की चुनौती का सामना कर रहे नगर निगम को जून में परामर्शी (कंसल्टेंट) इंजीनियर मिल सकते हैं। तीन पदों के लिए ११ पूर्व इंजीनियरों ने आवेदन किया है। इसमें चर्चित पीयूष भार्गव भी शामिल है।
दरअसल निगम सिंहस्थ के तहत करीब 4800 करोड़ के काम करा रहा है। निगम के पास इंजीनियरों की काफी कमी है। बड़ी मुश्किल से उधार मांग कर काम चलाया जा रहा है। ऐसे में शासन ने संविदा पर तीन कंसल्टेंट रखने की मंजूरी दी है। प्रत्येक पद के लिए 1.25 लाख रुपए का मानदेय रखा गया है। बीटेक की डिग्री के साथ २५ साल का अनुभव और उम्र ७० साल तय की गई है। पद के लिए 11 आवेदन आए हैं। इनमें पीयूष भार्गव, आरके शुक्ला, अनिल जैन, विमल सोनी और ज्ञानेंद्रसिंह जादौन के नाम प्रमुख हैं।
कैसे होगा चयन
आवेदन वाले नामों को शॉर्ट लिस्ट किया जाएगा। अपर आयुक्त (सिंहस्थ) पवन कुमार सिंह, इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश पेंढारकर, पीडब्ल्यूडी के सीई राजेश बागोले और डूडा के जेडी राजीव निगम की कमेटी नाम तय करेगी। इंटरव्यू के जरिये यह कमेटी पात्र उम्मीदवारों का सिलेक्शन करेगी।
यह है पैमाना
आवेदक का रिकॉर्ड साफ-सुथरा हो।
वह किसी जांच में गंभीर दोषी नहीं पाए गए हो।
पिछले 10 साल में किसी तरह की सजा ना मिली हो।
स्वास्थ्य के हिसाब से एकदम फिट हो।
आवेदन की जानकारी नहीं, इंटरव्यू जल्द होंगे: कंसल्टेंट पद पर कितने आवेदन आए हैं, इसका पता नहीं है, हां इंटरव्यू जल्द आयोजित किए जाएंगे।
पवनकुमार सिंह
अपर आयुक्त (सिंहस्थ)









