Advertisement

न भट्टी जलाने की नौबत, न सिलेंडर की कमी, घबराहट में बुकिंग करवा रहे लोग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इजराइल-ईरान-अमेरिका युद्ध की वजह से रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कमी फिलहाल तो महज हौवा है। बड़े शहरों के प्रभाव से हटकर शहर की अलग ही कहानी है। जिले में लगभग 55 गैस एजेंसियां हैं और सभी पर घरेलू गैस सिलेंडर मिल भी रहे हैं। समस्या ऑनलाइन बुकिंग में आ रही है। उज्जैन जिले में 5 लाख 50 हजार से ज्यादा एलपीजी के घरेलू गैस उपभोक्ता है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

खाड़ी युद्ध के बाद जैसे ही समाचार माध्यमों के जरिए रसोई गैस की किल्लत की खबरें आम लोगों तक पहुंचीं, हजारों लोगों ने धड़ाधड़ गैस सिलेंडर बुक करने के लिए कंपनियों के नंबर पर कॉल करना शुरू कर दिए। नतीजा पहले जहां एक घंटे में एक हजार फोन कॉल जाते थे, उनकी संख्या 10 हजार तक पहुंच गई, गैस प्रदाता कंपनियों के सर्वर ही क्रैश हो गए। वास्तव में उज्जैन जिले में हाल फिलहाल कहीं भी ऐसी स्थितियां नहीं है कि आम लोगों को गैस सिलेंडर के लिए दौड़धूप करना पड़ी हो।

दो दिन में सिलेंडर पहुंचा रहे घरों तक

Advertisement

सवाल- क्या वाकई में जिले में कहीं गैस सिलेंडर की किल्लत है?
जवाब- नहीं, अधिकतम दो दिनों में घरों तक गैस सिलेंडर पहुंच रहे हैं। जिले में गैस सिलेंडर भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। इनकी आपूर्ति भी सुचारू बनी हुई है।

सवाल- जब कहीं किल्लत नहीं तो फिर किल्लत जैसा माहौल क्यों बन रहा है?
जवाब- लोग पैनिक बुकिंग करवा रहे हैं। सिलेंडर की फिलहाल जरूरत नहीं फिर भी पूर्व तैयारी के लिहाज से हजारों बुकिंग हो रही है। इसी वजह से यह माहौल बना।

Advertisement

सवाल- कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति तो बाधित है, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को परेशानी आ रही है?
जवाब- हां, कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाय कम हुई है, केंद्र सरकार से मिले निर्देशों के बाद इनकी सप्लाय नियंत्रित की गई है।

सवाल- शादी का सीजन चल रहा है, लोग चिंतित हैं। विवाह के समय टंकियां नहीं मिली तो क्या होगा?
जवाब- हम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। विवाह समारोह वाले परिवारों की किस तरह मदद की जा सकती है इस पर कलेक्टर सर निर्णय लेंगे।
(जवाब- शालू वर्मा, जिला आपूर्ति नियंत्रक)

5 रुपए तक बढ़े ऑटो गैस के दाम

रसोई गैस सिलेंडरों पर 60 रुपए तक की बढ़ोत्तरी के बाद अब ऑटो गैस (एलपीजी) के दाम भी 5 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ गए है। 1 मार्च को शहर में ऑटो गैस के दाम 59.94 पैसे थे, वहीं 11 मार्च को इसके दाम 64.94 रुपए हो गए है।

भारत, इंडेन या एचपी

गैस डीलर नहीं दे रहा सिलेंडर तो इन नंबरों पर करें शिकायत

भारत गैस हेल्पलाइन नंबर
1800-22-4344 (टोल फ्री)

इंडेन गैस कस्टमर केयर नंबर
1800-2333-555 (टोल फ्री)

एचपी गैस कस्टमर केयर नंबर
1800-2333-555 (टोल फ्री)

कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हंै, इस वजह से रेस्टोरेंट का संचालन करने में कुछ दिक्कतें आ रही हंै। यदि आने वाले दिनों में भी सिलेंडर की किल्लत रही तो डीजल भट्टी या इंडक्शन जैसे संसाधनों की ओर जाना होगा।
– संदीप राजनोद, रेस्टोरेंट संचालक

तीन-चार दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। डीजल भट्टी या कोयला भट्टी महंगे विकल्प हैं। अभी तो किसी तरह काम चल रहा है, हां दिक्कतें ऐसी ही बनी रहीं तो रेस्टोरेंट बंद करने की नौबत आ जाएगी।
– प्रदीप सांखला, रेस्टोरेंट संचालक

अभी जिले की सभी एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडर सप्लाय में कहीं भी दिक्कत नहीं है। पैनिक की वजह से बुकिंग नंबर्स बढ़े हंै, इस वजह से सर्वर क्रैश कर रहा है, सिलेंडर मिल ही नहीं पा रहे, ऐसी नौबत नहीं है।
– संदीप वत्स
गैस एजेंसी संचालक

ऑयल कंपनियों से चर्चा चल रही…
ऑयल कंपनियों से सिलेंडर सप्लाई को लेकर लगातार चर्चा चल रही है। घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति सतत हो रही है। मांगलिक कार्यक्रम के लिए कमर्शियल सिलेंडर की व्यवस्था कैसे हो सकती है, इस पर विचार कर रहे हैं।
– रौशनकुमार सिंह, कलेक्टर

Related Articles

Write a review