व्यायामशाला में समर कैंप शुरू, 60 दिन में मलखंभ और लाठी के गुर सीखेंगे बच्चे

उज्जैन। अच्युतानंद प्रासादिक जीवाजीराव व्यायामशाला में 60 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ रविवार को हुआ। मुख्य अतिथि कबड्डी के राष्ट्रीय खिलाड़ी सुभाष तराणेकर थे।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश की रीढ़ हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए नियमित व्यायाम अनिवार्य है। शिविर का शुभारंभ परंपरा अनुसार गुरुवर अन्ना विपट के चित्र पर पूजन और मलखंभ के विशेष पूजन के साथ हुआ। अध्यक्षता रामचंद्र सोलंपंखी ने की।
विशिष्ट अतिथि जिमनास्टिक के राष्ट्रीय निर्णायक आर.एल. वर्मा और एम.जी. सुपेकर थे। संस्था द्वारा आयोजित इस शिविर में प्रतिदिन शाम 6.30 से 8 बजे तक बच्चों को योग, सूर्य नमस्कार, मलखंभ और लाठी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 20 अप्रैल से रामघाट पर तैराकी शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान विनायक दुराफे ने अपने पूज्य पिताजी की स्मृति में व्यायामशाला को एक वाटर कूलर भेंट करने की घोषणा की। प्रवीण राठौर, जनक माडे, अमित सोलंपंखी, सुमित सोलंपंखी, संजय भावसार और नारायण कानटकर ने व्यायामशाला की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। मनोज राठौर, मनीष पवार, इंद्रजीत नागर, यश भार्गव, कशिश खींची, यशवंत गुमास्ते और विनोद चौरसिया जैसे अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
नई दिशा: 1 मई से 13 केंद्रों पर सिखाएंगे लाठी का हुनर
उज्जैन। परंपरागत खेलों को पुनर्जीवित करने और आमजन को आत्मरक्षा में सक्षम बनाने की दिशा में उज्जैन एक नई इबारत लिखने जा रहा है। परंपरागत लाठी खेल संघ, मध्यप्रदेश की कार्यकारिणी बैठक में निर्णय लिया गया है कि 1 से 31 मई तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ग्रीष्मकालीन लाठी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य बालकों, बालिकाओं और विशेषकर गृहणियों को बांस की लाठी चलाने के गुर सिखाकर उनमें आत्मविश्वास जगाना है। संघ के संस्थापक अरविंद जोशी ने बताया कि संस्था वर्ष 2021 से पंजीकृत है और अब इसे व्यापक स्तर पर ले जाने की तैयारी है। बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत लाठी खेल को 11, 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की स्कूल शिक्षा विभाग एवं खेल व युवा कल्याण विभाग की प्रतियोगिताओं में शामिल करने की मांग की जाएगी। प्रशिक्षण की सुगमता के लिए शहर को 13 प्रमुख केंद्रों में बांटा गया है। इच्छुक प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन फॉर्म इन्हीं केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे।
नई कार्यकारिणी का गठन
आयोजन को सफल बनाने के लिए संघ ने नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की है। मध्यप्रदेश अध्यक्ष गोपाल माहेश्वरी और उपाध्यक्ष आनंद पंड्या के नेतृत्व में संभागीय और जिला स्तर पर नई टीमें चुनी गई हैं। जिसमें संभगीय अध्यक्ष अनिल धर्में, सचिव रीता नरवरिया, जिला अध्यक्ष अभिलाष जैन, सचिव मोना सिंधे, कोषाध्यक्ष नीता रायकवार को चुना गया है।









