Advertisement

पर्युषण पर्व: चांदी के पालना में विराजे प्रभु, भक्तों ने झुलाया

14 महास्वप्नों की अगवानी कर भक्ति में झूमे श्रद्धालु

Advertisement

अक्षरविव न्यूज उज्जैन। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने स्थित श्री शीतलनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर प्रांगण में पर्युषण अंतर्गत शनिवार को प्रभु का जन्मवाचन मनाया गया। माता त्रिशला के 14 स्वप्नों एवं रजत पालना की बोलियां लगाकर भगवान के द्वार पर केशरिया छापे लगाए गए। प्रभु को पालना में विराजित कर आस्था के साथ भक्तों ने उन्हें झुलाया। श्री शीतलनाथ जैन श्वेताम्बर सेवा समिति कि रीटा बेन शाह के अनुसार इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्वेतांबर जैन समाजजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रभु शीतलनाथ की आकर्षक अंगरचना की गई एवं पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक दीपों से सजाया गया।

उज्जैन। जैन समाज के आठ दिवसीय पर्युषण महापर्व के पांचवें दिन प्रभु भगवान महावीर स्वामी का जन्म महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्री राजेंद्रसूरि जैन ज्ञानमंदिर नमक मंडी में आचार्य विजय नित्यसेन सूरीश्वर की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में गुरुभक्तों ने अपूर्व उत्साह दिखाया। साध्वी श्री रिद्धि निधि श्रीजी ने शुभ मुहूर्त में भगवान का जन्म वाचन किया, जिसके बाद पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।

Advertisement

पाट पर विराजित साध्वी रिद्धि निधि श्रीजी ने श्रद्धालुओं को अक्षत से भगवान को बधाया। केसर के छापे लगाए गए और खोपरा बांटकर खुशियां मनाई गईं। 14 स्वप्नों का स्मरण करते हुए उनके चांदी के प्रतीकों की अगवानी कर पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवान के बाल स्वरूप को चांदी के पालना जी में विराजमान कर महाआरती की गई। महोत्सव की शुरुआत प्रात: सामूहिक स्नात्र, प्रतिक्रमण और पूजन से हुई। सचिव संजय कोठारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। युवा गायक राजेंद्र पटवा ने संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को चार घंटे तक भक्ति में लीन रखा। श्रीसंघ और ट्रस्टियों ने राजेंद्र सूरी तप, 30 दिवसीय मासक्षमण, सिद्धि तप और अठाई तप के तपस्वियों की सामूहिक रूप से अनुमोदना की। 14 स्वप्नों के चांदी के प्रतीक और पालना जी को सिर पर धारण कर ज्ञानमंदिर से मोतीमहल धर्मशाला तक जुलूस निकाला गया। 15 सितंबर को संवत्सरी महापर्व मनाया जाएगा।

इन परिवारों ने लिया ऐतिहासिक बोलियों का लाभ
महोत्सव में प्रभु और गुरुभक्तों ने 25 विभिन्न अनुपम चढ़ावों का लाभ लिया। दादा गुरुदेव राजेंद्र सूरी जी की आरती का लाभ सुशीला देवी व संजय कुमार रमणिक लाल कोठारी परिवार ने लिया। वहीं, चौथे स्वप्न (लक्ष्मी जी) के चढ़ावे का लाभ प्रकाशचंद अमृतलाल व शैलेंद्र कुमार तल्लेरा परिवार और भगवान के पालना जी को घर ले जाकर भक्ति करने का लाभ राकेश कुमार व राजेश कुमार सकलेचा परिवार ने प्राप्त किया।

Advertisement

भगवान के जन्म पर छाई खुशियां

उज्जैन। पर्युषण पर्व के पांचवे दिन जिनालयों में भगवान के जन्मोत्सव पर चारों ओर नवकार मंत्र व धार्मिक जयकारे गूंजे। दानीगेट स्थित अवंती पाश्र्वनाथ मंदिर में जैन यूनिटी फोरम अरिहंत एवं मुस्कान ग्रुप के नौ दिवसीय नवकार जाप एवं धार्मिक आराधना में भक्तिमय नजारा देखने को मिला। सैकड़ों आराधकों ने नवकार जाप, पारस इकतीसा, भक्तामर पाठ एवं चैत्यवंदन में सहभागिता की। आराधकों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न पुरस्कार एवं प्रभावना भी रखी गई। बंपर गिफ्ट चूंदड़ी के लाभार्थी कल्पना विजय जी सुराणा रहे। सभी को प्रभावना में दीपक वितरित किए। जबकि 9 गिफ्ट के लाभार्थी पीयूष ज्योति चोरडिय़ा रहे। दूसरा बंपर ड्रॉ रमेशचंद्र शांतिलाल पावेचा परिवार की ओर दिया गया। खुशी जैन 1 अभिनव जैन को बंपर गिफ्ट मिला।

14 महास्वप्न दर्शन कर भक्ति में झूम उठे श्रद्धालु

उज्जैन। त्रिस्तुतीक जैन श्री संघ नयापुरा में भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। साध्वी नेमी निधि श्री की पावन निश्रा में मंदिर को दीपकों से रोशन कर मनमोहक रंगोली से सजाया गया।
श्री संघ के मीडिया प्रभारी राजेन्द्र पगारिया और जयेश भंडारी ने बताया कि भगवान का जन्म वाचन होते ही उपस्थित सभी पुरुष व महिलाएं भक्ति में झूम उठे और भगवान को अक्षत से बधाया गया। संचालन राजेश पगारिया और संजील लूंकड़ ने किया। माता त्रिशला द्वारा देखे गए 14 महास्वप्नों में से महालक्ष्मी देवी जी के स्वप्न का लाभ झमुबाई बसंतीलाल गिरिया परिवार ने लिया। भगवान के मुनीम बनने का लाभ सुरेशचंद हितेश पगारिया और पालना जी का लाभ मनीष व आशीष विशाल पीपाड़ा परिवार को मिला। भगवान की आरती का लाभ डॉ. पुष्पेन्द्र जैन, चित्रा जैन व यश जैन परिवार ने तथा गुरुदेव् विजय राजेन्द्र सूरीश्वर जी की आरती का लाभ निलेश कुमार रचित कुमार नाहटा परिवार ने प्राप्त किया। कुमारपाल महाराजा बनकर आरती का लाभ प्रखर कुमार व चेल्सी गिरिया परिवार ने लिया। सभी लाभार्थियों का बहुमान करने का लाभ मांगीलाल, सुनील कुमार, पलाश और हिमांशु डांगी परिवार ने लिया।

भजनों की प्रस्तुति के साथ बंटे इनाम

अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद की नयापुरा शाखा ने जैन ओसवाल धर्मशाला में म्यूजिकल अक्षय निधि हाउजी आयोजित की। इसमें विजेताओं को नकद व आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। फुल हाउस का 21 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रतीक लुक्कड़ ने जीता। द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपए रिद्धि सुमित मेहता और तृतीय पुरस्कार 5100 रुपए रुचि प्रदीप जैन को प्रदान किए गए। राजेंद्र पटवा और संजील लुंकड ने दादा गुरुदेव के भजनों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, निगम सभापति कलावती यादव, एमआईसी सदस्य रजत मेहता, पंच ओसवाल बड़े साथ ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकेश रांका और संघ अध्यक्ष सुरेश पगारिया उपस्थित थे। अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष अंशुल गिरिया ने की। संचालन राजेश पगारिया ने किया। जानकारी प्रचार मंत्री पलाश डांगी व संजील
लुंकड ने दी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें