माइक्रोजेन की यूनिट शुरू, उज्जैन में बनेंगे हाई लेवल डिसइन्फेक्टेंट

विक्रम उद्योगपुरी में 40 करोड़ की यूनिट का ट्रायल रन शुरू, 150 लोगों को मिलेगा रोजगार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। विक्रम उद्योगपुरी स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क अब चिकित्सा उपकरण निर्माण के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। अब यहाँ माइक्रोजेन हेल्थकेयर की अत्याधुनिक फैक्ट्री ने ट्रायल रन शुरू कर दिया है। इससे आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के लिए आवश्यक हाई लेवल डिसइन्फेक्टेंट के लिए अब मल्टीनेशनल कंपनियों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।
40 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह यूनिट न केवल प्रदेश के हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत करेगी, बल्कि यहाँ से उत्पादों का निर्यात भी किया जाएगा। प्लांट में मुख्य रूप से निम्नलिखित उत्पादों का निर्माण होगा इस परियोजना से लगभग 150 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि सैकड़ों अन्य लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलने की संभावना है। एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने कंपनी की कार्यक्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि तय समयसीमा में निर्माण पूरा करना सराहनीय है। शुभारंभ अवसर पर कंपनी के चेयरमैन दिलीप पारिक एवं डायरेक्टर डॉ. आरके फरीदी ने अतिथियों का स्वागत किया।
यह बनेगा होगा फैक्ट्री में
हाई लेवल डिसइन्फेक्टेंट आईसीयू और ओटी में खतरनाक बैक्टीरिया और वायरस को खत्म करने में उपयोगी।
एडवांस स्टेरलाइजेशन सोल्यूशंस- सर्जिकल उपकरणों को कीटाणुरहित करने के लिए विशेष उत्पाद।
नेक्स्ट जेनेरेशन वुंड केयर पुराने और नए घावों को तेजी से भरने में मददगार उत्पाद।
सटीक ऑर्थोपेडिक इंप्लांट्स- घुटना और कूल्हा रिप्लेसमेंट के लिए शरीर के अनुकूल आधुनिक इंप्लांट।
मेडिकल डिवाइस पार्क में अब एक भी प्लॉट खाली नहीं
विक्रम उद्योगपुरी का मेडिकल डिवाइस पार्क देश के चार प्रमुख पार्कों में शामिल हो चुका है। यहाँ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 360 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क की सभी 66 औद्योगिक इकाइयों के प्लॉट आवंटित हो चुके हैं और अब एक भी प्लॉट खाली नहीं है। वर्तमान में यहाँ 18 अन्य कंपनियों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिनमें से 8 इकाइयों में इसी वर्ष उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और टेस्टिंग लैब्स की उपलब्धता के कारण उज्जैन अब मेडिकल हब के रूप में राष्ट्रीय पटल पर उभर रहा है।









