यूडीए में धमाकेदार अंदाज में संभाला पद

अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने सिंहस्थ कामों को बताया पहली प्राथमिकता

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त संचालक मंडल ने मंगलवार को धमाकेदार अंदाज में पद संभाल लिया। अध्यक्ष डॉ. रवींद्र सोलंकी (रवि) ने अंगारेश्वर महादेव मंदिर में पूजन किया और पद ग्रहण करने पहुंचे। उनके साथ उपाध्यक्ष मुकेश यादव, रवि वर्मा, संचालक विजय अग्र्रवाल, अमित श्रीवास्तव, रामचंद्र शर्मा (रामा गुरु), सुशीला जाटवा और दुर्गा बिलोटिया भी थे। महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, मध्यप्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष नारायण यादव, बडऩगर के विधायक जितेंद्र पंड्या, रतलाम भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व यूडीए अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित सैकड़ों भाजपाइयों की उपस्थित में पदग्रहण समारोह हुआ।
डॉ. सोलंकी ने कहा कि सीएम की मंशानुरूप उज्जैन विकास प्राधिकरण सिंहस्थ कामों को समय सीमा और क्वालिटी वाला करने का काम करेगा। हमारी कोशिश सिंहस्थ की सनानती परंपरा को कायम रखते हुए विकास करवाने की होगी। गरीब और मध्यम वर्ग के लिए प्राधिकरण ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के मकान-फ्लैटस बनाने पर जोर देगा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महाकाल के अलावा चिंतामन गणेश मंदिर, हरसिद्धि मंदिर, मंगलनाथ मंदिर को और बेहतर तरीके से विकसित किया जाएगा। शहर की धरोहरों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कानीपुरा योजना फिर से शुरू होने के आसार : उज्जैन विकास प्राधिकरण की कानीपुरा आवासीय योजना पर एक बार फिर से काम शुरू होने के आसार हैं। खिलचीपुर-कानीपुरा में 450 बीघा जमीन पर आवासीय प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना वर्ष 2018 मेंं तैयार की गई थी। राजनीतिक गतिरोध के कारण यह अमलीजामा नहीं पहन सकी थी।
AdvertisementView this post on Instagram









