कल से मुंबई के लिए दूसरी एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन

11 दिन में मिली मुंबई जाने के लिए एक और ट्रेन

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। उज्जैन से मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने एक और बड़ी राहत की घोषणा की है। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 11 दिन के भीतर इस मार्ग पर दूसरी एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन शुरू की जा रही है। यह नई ट्रेन 3 मई से 30 जून तक 17 कोच के साथ संचालित होगी।
इस नई व्यवस्था के बाद उज्जैन होकर मुंबई जाने वाली ट्रेनों की संख्या (डेली, वीकली, स्पेशल, फेयर स्पेशल) १४ हो गई है। नई ट्रेन से अवंतिका और दुरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से जूझ रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सप्ताह में दो दिन चलेगी यह नई स्पेशल ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन अपनी सेवाएं देगी। मुंबई से यह ट्रेन प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रवाना होगी, जबकि इंदौर से इसकी वापसी सोमवार और बुधवार को तय की गई है। खास बात यह है कि यह ट्रेन उसी शेड्यूल पर चलेगी जिस पर 20 अप्रैल से पहली स्पेशल ट्रेन (तेजस) का संचालन किया जा रहा था। मई और जून के महीनों के लिए रेलवे ने प्रस्थान की सभी तारीखें घोषित कर दी हैं, जिससे यात्री अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकेंगे।
समय और प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
ट्रेन संख्या 09079 मुंबई से रात 11.20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह ८.४५ बजे रतलाम और १०.५० बजे उज्जैन होते हुए दोपहर 1.00 बजे इंदौर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09080 इंदौर से शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी और शाम ६.२० बजे उज्जैन, रात ८.०५ बजे रतलाम होते हुए अगले दिन सुबह 7.10 बजे मुंबई पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यह ट्रेन उज्जैन, रतलाम, दाहोद, वापी और बोरीवली जैसे प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। लगभग 826 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन 13 घंटे 40 मिनट में तय करेगी, जिसकी औसत गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रहेगी।









