बंगाल CM सुवेंदु के PA हत्याकांड में 3 संदिग्ध गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री Suvendu Adhikari के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को आरोपियों को नॉर्थ 24 परगना के बारासात कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 13 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं, जबकि राज सिंह को उत्तर प्रदेश के अयोध्या से पकड़ा गया है। पुलिस को आशंका है कि राज सिंह पेशेवर शार्पशूटर है।
जांच के दौरान पुलिस को एक टोल प्लाजा पर किए गए UPI पेमेंट और सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिला। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन में इस्तेमाल मोबाइल नंबर की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गौरतलब है कि 6 मई को पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी कार को रोककर कई राउंड फायरिंग की थी, जिसमें उन्हें सीने और पेट में गोलियां लगी थीं।









