आयुर्वेदिक क्लीनिक में एलोपैथी से हो रहा था उपचार, सील लगाई

आगर रोड के क्लीनिक संचालक को नोटिस
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। लक्ष्मीनगर में एक आयुर्वेदिक क्लीनिक में एलोपैथी पद्धति से उपचार की शिकायत के बाद क्लीनिक सील कर दिया गया है। तीन दिन पहले जांच टीम ने नोटिस दिया था, बावजूद इसके चिकित्सक उपचार कर रहे थे।
दरअसल यह क्लीनिक डॉ. राजेश जैन का है। बीएएमएस डिग्री धारी डॉ. राजेश जैन ने आदिनाथ क्लीनिक के अपने बोर्ड पर पुत्र डॉ. आदीश देवकुमार जैन और पुत्री डॉ. अदिति जैन का नाम भी लिखा रखा था। यह दोनों एलोपैथिक डॉक्टर हैं और क्रमश:दिल्ली और भोपाल में रहते हैं।
चूंकि यह दोनों क्लीनिक पर नहीं बैठते, ऐसे में डॉ. राजेश जैन आयुर्वेदिक पद्धति से तो उपचार कर सकते हैं लेकिन एलोपैथिक से नहीं। तीन दिन पहले स्वास्थ्य विभाग का दल जांच करने पहुंचा था। तब समझाइश दी थी अपनी डिग्री वाली पैथी में ही उपचार करें। मगर शुक्रवार को क्लीनिक में एलोपैथी पद्धति से उपचार होता मिला। ऐसे में जब फिर से शिकायत आई तो माधवनगर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विक्रम रघुवंशी के नेतृत्व में टीम पहुंची और क्लीनिक सील कर दिया। टीम ने आगर रोड पर विश्वबंधु क्लीनिक की संचालक डॉ. शारदा राठौड़ को भी नोटिस दिया है। डॉ. राठौड़ बीएएमएस चिकित्सक है। उनके क्लीनिक पर आयुर्वेदिक पद्धति से ही उपचार हो रहा है लेकिन रजिस्ट्रेशन एक्सपायर हो चुका है। हालांकि उन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रोसेस कर ली है।
लक्ष्मीनगर का क्लीनिक सील किया है
लक्ष्मीनगर स्थित आदिनाथ क्लीनिक को सील किया है। यहा एलोपैथी से उपचार हो रहा था, जबकि उपचार करने वाले डॉक्टर के पास आयुर्वेद की डिग्री है। उनके बच्चे एलोपैथी के डॉक्टर हैं लेकिन वह शहर से बाहर रहते हैं। ऐसे में डॉक्टर साहब से एफिडेविट मांगा था, उन्होंने यह देने से इंकार कर दिया, इस पर क्लीनिक सील कर दिया गया है। आगर रोड पर भी आयुर्वेदिक क्लीनिक चलाने वाली संचालिका को नोटिस जारी किया है।
डॉ. विक्रम रघुवंशी
जांच दल प्रभारी और अधीक्षक माधवनगर अस्पताल









