एसपी ने मातहतों से पूछी सिंहस्थ में कैसी हो व्यवस्था, तीन घंटे तक प्लान पर किया मंथन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। एसपी प्रदीप शर्मा ने रविवार को मातहतों से सिंहस्थ की व्यवस्था पूछी। उन्होंने पहले मोबाइल पर मातहतों को अपना प्लान बताया, फिर उनके सुझाव जानें। इतना ही नहीं पूरे मंदिर परिसर का फील्ड में जाकर मुआयना भी किया। दरअसल तत्कालीन सीएसपी राहुल देशमुख ने सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित दर्शन व्यवस्था प्लान तैयार किया है। इसमें एंट्री, एग्जिट, जूते-चप्पल जमा करने, फिर से प्राप्त करने का डिजिटल प्लान बनाया गया है।
प्लान के मुताबिक एक दिन में लगभग 10 लाख लोगों को श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह प्लान कागज पर तो बहुत मजबूत है लेकिन अमलीजामा पहनाते समय इसमें दिक्कत आ सकती है। ऐसे में व्यवहारिक पहलुओं को जानने के लिए एसपी प्रदीप शर्मा रविवार को मंदिर पहुंचे थे।
उन्होंने पिछले सिंहस्थ में सेवा दे चुके टीआई गगन बादल, महाकाल चौकी प्रभारी एमएस सक्तावत, एएसआई चंद्रभानसिंह, हेड कांस्टेबल राकेश देवड़ा आदि को अपने साथ लिया और मंदिर परिसर के भीतर पहुंच गए। पहले उन्होंने मोबाइल पर अपना प्लान साथियों से शेयर किया, फिर उनसे उनकी राय पूछी। सभी से उन्होंने कहा कि फील्ड में जाकर भी प्लान को परखें और देखें कि क्या-क्या दिक्कत आ सकती है। करीब एक घंटे तक एसपी से प्लान समझमने के बाद टीम अगले दो घंटे तक मंदिर परिसर में घूमी और व्यवहारिक कठिनाइयों को परखा।









