संगठन सृजन वर्ग : पूर्व मंत्री ने बताया कांग्रेस का राष्ट्रवाद, कार्यकर्ताओं से कहा लोगों को यह बताएं

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। प्रदेश के पूर्व मंत्री और खिलचीपुर से विधायक प्रियवत सिंह ने संगठन सृजन वर्ग में कांग्रेस का राष्ट्रवाद बताया। उन्होंने 1947 से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में किए गए बड़े कामों का ब्योरा दिया और कार्यकर्ताओं से कहा यह आम जनता को बताएं।
दरअसल सिंह कांग्रेस के संगठन सृजन वर्ग के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उनका विषय भारत की गौरव यात्रा था। करीब 1.30 घंटे तक सिंह ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि 1947 में विभाजन के बाद देश किस हालत में मिला था और पं. जवाहरलाल नेहरू ने अपनी सोच से उसे कैसे विकासशील बना दिया। उन्होंने सिंचाई के लिए भांगड़ा नांगल जैसे बड़े बांध बनवाएं और तकनीकी तौर पर भारत को मजबूत करने के लिए आईआईटी,इसरो और बार्क जैसे संस्थान स्थापित किए।
बेहतर चिकित्सा के लिए उन्होंने एम्स गढ़ा। उनकी परंपरा को कांग्रेस के नेतृत्व ने आगे बढ़ाया। मनमोहन सिंह ने आर्थिक उदारीकरण का दौर शुरू किया और आज इसके चलते भारत वैश्विक ताकत बन गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने शत्रु राष्ट्र पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। भारत की विकास यात्रा कांग्रेस के बगैर अधूरी है। यह बात आम लोगों को बताने की जरूरत है।
ग्राम देवता की तरह काम करें मंडलम अध्यक्ष
संगठन के प्रदेश प्रभारी महेंद्र जोशी ने मंडलम कार्यकर्ताओं को ग्राम देवता की तरह काम करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा आम आदमी की समस्या हल कराने की पहल करें। यही संगठन को मजबूत करेगा। सोशल मीडिया प्रभारी चंचलेश व्यास ने मौजूदा दौर में सोशल मीडिया के उपयोग की समझाइश दी। उन्होंने बताया कि किस तरह आप आम आदमी के इश्यू उठा सकते हैं। नगरनिगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय, जिलाध्यक्ष महेश परमार, शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी ने भी मार्गदर्शन दिया। शिविर में शामिल 275 पदाधिकारी, मंडलम और ब्लॉक अध्यक्ष को प्रमाणपत्र भी दिए गए।









