5 दिन में 13 राज्यों तक पहुंचा मानसून, MP-UP में बारिश; राजस्थान में हीटवेव अलर्ट

देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून रिकॉर्ड रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक महज 5 दिनों में मानसून 13 राज्यों तक पहुंच गया। सोमवार को इसने तेलंगाना में भी दस्तक दे दी। पश्चिमी तट पर मानसून अब मुंबई से केवल 150 किलोमीटर दूर है और अगले 48 घंटों में यह मुंबई में भी पहुंच सकता है। दूसरी तरफ राजस्थान के पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश हो रही है।
मानसून अपडेट
केरल में मानसून 4 जून को पहुंचा था और सिर्फ 5 दिनों में इसने 13 राज्यों को कवर कर लिया है। रविवार को यह त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड तक पहुंचा और सोमवार को तेलंगाना में एंट्री कर ली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के बाकी इलाकों में मानसून आगे बढ़ सकता है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी जल्द मानसून के पहुंचने की संभावना है। मुंबई में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून है और इस बार यह समय पर या उससे पहले भी आ सकता है।
राज्यों से मौसम की तस्वीरें
मध्य प्रदेश के भोपाल में सोमवार शाम तेज आंधी के बाद अच्छी बारिश हुई। यूपी के गोरखपुर और जालौन में भी तेज बारिश दर्ज की गई। बिहार के पटना में आंधी के साथ बारिश हुई। तेलंगाना के हैदराबाद में कई हिस्सों में बारिश हुई और पूरे केरल में भारी बारिश का दौर जारी है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में 60 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
10 जून को बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अनुमान है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी बारिश होगी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
11 जून को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान है।
8 राज्यों में लू का अलर्ट, श्रीगंगानगर सबसे गर्म
एक तरफ मानसून की दस्तक है तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी फिर तेज हो गई है। IMD ने आज 8 राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो देश में सबसे अधिक रहा। फलोदी में 44.8 और जैसलमेर व बीकानेर में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दिल्ली में भी सोमवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।









