कल से शुरू होगा सबसे बड़ा विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप, भारत ग्रुप ऑफ डेथ में; 14 जून को पाकिस्तान से मुकाबला

महिला क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 10वां विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा, जबकि फाइनल 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा। इस बार 24 दिनों के दौरान कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें दुनिया की 12 सर्वश्रेष्ठ टीमें हिस्सा लेंगी।
डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड इस बार अपने खिताब का बचाव करने उतरेगा। टीम ने 2024 में पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया अब तक 6 बार खिताब जीतकर टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनी हुई है।
भारतीय महिला टीम अब तक एक भी टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है। टीम ने चार बार सेमीफाइनल और एक बार फाइनल तक का सफर तय किया है। इस बार भारत को बेहद कठिन ग्रुप में रखा गया है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें मौजूद हैं। भारत अपना पहला मुकाबला 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा।
2009 में हुई थी टूर्नामेंट की शुरुआत
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का पहला आयोजन 2009 में इंग्लैंड में हुआ था। उस समय सिर्फ 8 टीमों ने हिस्सा लिया था और मेजबान इंग्लैंड ने पहला खिताब जीता था। शुरुआती तीन संस्करणों तक टूर्नामेंट में 8 टीमें खेलती रहीं। इसके बाद 2014 से टीमों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई।
अब 2026 में पहली बार 12 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं, जिससे यह टूर्नामेंट अपने इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण बन गया है। इंग्लैंड 17 साल बाद फिर से इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।
किस फॉर्मेट में खेला जाएगा टूर्नामेंट?
इस बार 12 टीमों को 6-6 टीमों के दो ग्रुप—ग्रुप ए और ग्रुप बी—में बांटा गया है। ग्रुप चरण में सभी टीमें अपने समूह की बाकी टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी।
ग्रुप चरण समाप्त होने के बाद दोनों समूहों की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल जीतने वाली दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी और विश्व विजेता का फैसला होगा।
भारत का अभियान कब शुरू होगा?
भारतीय महिला टीम 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 21 जून को उसका सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा, जबकि 28 जून को टीम का सबसे बड़ा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जाएगा।
ग्रुप ए को इस बार ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जा रहा है क्योंकि इसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें मौजूद हैं। ऐसे में सेमीफाइनल की राह भारत के लिए आसान नहीं रहने वाली।
टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी। भारतीय स्क्वॉड में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह और श्रेयांका पाटिल जैसे अहम खिलाड़ी शामिल हैं।
इस बार पहली बार क्या खास होने जा रहा है?
इस संस्करण की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार 12 टीमें टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगी। इससे पहले अधिकतम 10 टीमें ही खेलती थीं।
इसके अलावा नीदरलैंड्स की महिला टीम पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलने उतरेगी। टीम ने ग्लोबल क्वालिफायर में चौथा स्थान हासिल कर विश्व कप का टिकट हासिल किया है और अब पहली बार वैश्विक मंच पर अपनी चुनौती पेश करेगी।
वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड कैसा रहा है?
भारतीय टीम अब तक खेले गए सभी 9 विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रही है। टीम ने 2020 में पहली और अब तक की इकलौती बार फाइनल में जगह बनाई थी, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
भारत ने कुल 40 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 22 में जीत और 18 में हार मिली है। टीम का जीत प्रतिशत लगभग 55 फीसदी रहा है। हालांकि ट्रॉफी अब तक हाथ नहीं लगी है, लेकिन इस बार भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
किन मैदानों पर खेले जाएंगे मुकाबले?
टूर्नामेंट के सभी 33 मुकाबले इंग्लैंड के 7 अलग-अलग मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले द ओवल मैदान पर खेले जाएंगे, जबकि फाइनल का आयोजन क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स में होगा।
भारतीय समयानुसार कब शुरू होंगे मैच?
टूर्नामेंट के मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे, शाम 7 बजे और रात 11 बजे शुरू होंगे। भारतीय टीम के सभी ग्रुप मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे, जिससे भारतीय दर्शकों को मैच देखने में सुविधा होगी।
खिताब की सबसे मजबूत दावेदार कौन?
छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को इस बार भी खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। टीम का अनुभव और संतुलित स्क्वॉड उसे सबसे मजबूत बनाता है।
हालांकि भारत, दक्षिण अफ्रीका और मेजबान इंग्लैंड भी खिताबी दौड़ में मजबूत दावेदार हैं। भारत हाल ही में वनडे वर्ल्ड कप जीतकर पहली बार विश्व चैंपियन बना था, जबकि दक्षिण अफ्रीका पिछले तीन आईसीसी व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच चुकी है। ऐसे में प्रतियोगिता बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान
आईसीसी ने इस बार विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए रिकॉर्ड 87.64 लाख अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 83.74 करोड़ रुपए की कुल पुरस्कार राशि घोषित की है।
विजेता टीम को 2.34 मिलियन डॉलर यानी करीब 22.36 करोड़ रुपए मिलेंगे। यह महिला क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी पुरस्कार राशि में से एक है और टूर्नामेंट के बढ़ते स्तर को दर्शाती है।
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के प्रमुख रिकॉर्ड
महिला टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम रही है, जिसने 6 बार ट्रॉफी जीती है। न्यूजीलैंड मौजूदा चैंपियन है, जबकि इंग्लैंड पहला खिताब जीतने वाली टीम रही थी। कई स्टार खिलाड़ियों ने इस मंच पर ऐतिहासिक प्रदर्शन किए हैं और इस बार भी नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है।
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
भारत में क्रिकेट प्रशंसक टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे। वहीं ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए जियोहॉटस्टार पर सभी मैच लाइव उपलब्ध रहेंगे।
इसके अलावा ICC.TV पर भी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। क्रिकेट प्रेमी मैचों के लाइव अपडेट्स, रिकॉर्ड्स और खास पलों की जानकारी विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी प्राप्त कर सकेंगे।









