राममंदिर चढ़ावा चोरी- ट्रस्ट की आज बैठक, अचानक जगह बदली

चंपत राय के इस्तीफे पर होगा फैसला

अयोध्या, एजेंसी। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी सामने आने के बाद सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली बैठक होगी। इससे पहले अचानक बैठक की जगह बदल दी गई है। अब दोपहर 3 बजे मणिरामदास छावनी की जगह राम मंदिर परिसर में बैठक होगी। ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास बैठक की अध्यक्षता करेंगे। महासचिव पद से इस्तीफा देने वाले चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा को भी इस बैठक में बुलाया गया है।
ट्रस्ट के सदस्य बहुमत के आधार पर फैसला लेंगे कि चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर किया जाए या नहीं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों का इस्तीफा मंजूर होना तय है। 5 फरवरी 2020 को बने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की हर बैठक को महासचिव चंपत राय ही लीड करते थे। उन्होंने 26 जून को महासचिव पद से इस्तीफा दिया था। उनके साथ ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने भी इस्तीफा दिया था। इधर, सूत्रों से पता चला है कि चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी मोजों और जेब में नोट छिपाकर ले जाते थे। पुलिस ने आईटी एक्सपर्ट की मदद से डिलीट किए गए सीसीटीवी रिकवर कर लिए हैं।







