Advertisement

महाकाल क्षेत्र में खुल गई कई अवैध वाहन पार्किंग, पुलिस की परेशानी बढ़ी

टीआई बोले… नगर निगम अफसरों को लिखेंगे पत्र

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र के आसपास लोगों ने जहां घरों को होटल व होम स्टे बना दिया है वहीं कुछ लोगों ने घर के बाड़े और खुली जगह पर अवैध पार्किंग बना ली है। इससे पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। खास बात यह कि अवैध पार्किंग संचालक वाहन मालिकों से मनमाना किराया भी वसूल रहे हैं।

महाकालेश्वर मंदिर के आसपास जयसिंहपुरा क्षेत्र, हरिफाटक, लालपुल, रामघाट, कार्तिक मेला, बेगमबाग आदि क्षेत्रों में लोगों ने घरों व आसपास की खुली जगह पर अवैध तरीके से वाहन पार्किंग बना ली है। इन्हें संचालित करने वाले लोग दो पहिया वाहन के 20 से 50 तो चार पहिया वाहन का 100 रुपए किराया वाहन मालिकों से वसूल रहे हैं। अपने निजी वाहनों से उज्जैन दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग की जानकारी नहीं होती इस कारण यह लोग अवैध पार्किंग में ही अपने वाहन खड़े करने को मजबूर हैं।

Advertisement

न रसीद, न जिम्मेदारी सिर्फ वसूली

नगर निगम द्वारा महाकाल मंदिर के आसपास के क्षेत्र में वाहन पार्किंग का नियमानुसार ठेका दिया गया है। पार्किंग संचालकों द्वारा दो पहिया, चार पहिया वाहनों के मालिकों को रसीद भी उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन अवैध वाहन पार्किंग चलाने वाले वाहन मालिकों को रसीद नहीं देते बल्कि मनमाना किराया भी वसूल कर रहे हैं।

Advertisement

रंगदारी, विवाद मारपीट आम बात
अवैध वाहन पार्किंग चलाने वालों का पुलिस वैरिफिकेशन नहीं है। किराये को लेकर रंगदारी और विवाद आए दिन हो रहे हैं। शनिवार को नोएडा से आए परिवार के साथ मारपीट भी इसी अवैध पार्किंग के कारण हुई थी। सड़क किनारे खड़े वाहन मालिकों से भी लोग पार्किंग के नाम पर वसूली कर रहे हैं।

इनका कहना…
महाकाल मंदिर के आसपास कुछ होटल संचालक चार पहिया वाहनों को अपनी होटल के बाहर खड़ा करवा लेते हैं, कुछ लोग जानकारी के अभाव में सड़क किनारे वाहन खड़ा कर दर्शन को चले जाते हैं। अवैध वाहन पार्किंग की जानकारी भी मिली है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान ऐसे वाहनों को हटवाया जाता है। अवैध पार्किंग संचालन को लेकर नगर निगम अफसरों को पत्र लिखेंगे जिससे लोग असुविधा से बच सकें और यातायात भी प्रभावित न हो।
गगन बादल, टीआई थाना महाकाल

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें