गंगा, यमुना समेत 10 नदियां उफान पर गुजरात में कई जिले बाढ़ की चपेट में

पालघर में बाढ़ जैसे हालात, ट्रेनें कैंसिल
नईदिल्ली, एजेंसी। पूरे देश में मानसून की बारिश जारी है। दक्षिण गुजरात में भारी बारिश से कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। उमरगाम तालुका में 16 घंटों में 43 इंच बारिश हुई, जिससे निचले इलाके डूब गए हैं। शुक्रवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में पिछले 10 दिनों से हो रही बारिश के चलते गंगा, यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं।
शुक्रवार को 54 जिलों में बारिश का अलर्ट है। असम में बाढ़ से 6.53 लाख लोग प्रभावित हैं। पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सिवान समेत बिहार के 19 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
औरंगाबाद और बक्सर में गुरुवार को बिजली गिरने से 2-2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, राजस्थान के बांसवाड़ा और डूंगरपुर समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। पालघर में भी बाढ़ जैसे हालात है। कई ट्रेनें कैंसिल करनी पड़ रही है। मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने शुक्रवार को श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 24 घंटे के दौरान 4 इंच तक बारिश हो सकती है।









