होर्मुज स्ट्रेट में जहाज पर मिसाइल हमला

5 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए
मस्कट। होर्मुज स्ट्रेट में शुक्रवार को एक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ। जहाज पर सवार 5 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
कुवैत के झंडे वाले टैंकर पर हुआ हमला
भारतीय नाविक कुवैत के झंडे वाले तेल टैंकर MT काजिमाह पर सवार थे। जहाज कच्चे तेल से भरा था और अफ्रीका की ओर जा रहा था। हमले के बाद सभी 5 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जहाज पर मिसाइल हमला किसने किया। हमले के कारणों और इसके पीछे जिम्मेदार पक्ष की जानकारी सामने नहीं आई है।
होर्मुज में भारतीय नाविकों पर बढ़ा खतरा
रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी से अब तक होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में हुए हमलों से 100 से अधिक भारतीय नाविक प्रभावित हो चुके हैं। इन घटनाओं में 11 भारतीय नाविकों की मौत होने की भी जानकारी सामने आई है।
होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां बढ़ते तनाव के बीच जहाजों की आवाजाही और चालक दल की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।









