मध्यप्रदेश की गोशालाओं को 101 करोड़ रु. देंगे अमित शाह

255 करोड़ के डेयरी प्लांट का भूमिपूजन करेंगे, केंद्र-राज्य के पुलिस अफसरों संग 2 घंटे बैठक
किसानों के गुटखा, तम्बाकू, बीड़ी-सिगरेट लाइटर और माचिस बाहर रखवाए जा रहे
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल में हैं। वे आज भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर मध्य प्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में गोशालाओं को 101 करोड़ देंगे। उज्जैन में बन रहे 255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन करेंगे। शाह केंद्र और राज्य के पुलिस अफसरों के साथ दो घंटे बैठक भी करेंगे। भौंरी में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। भेल दशहरा मैदान में बने पंडाल में किसानों को जांच के बाद ही एंट्री दी जा रही है। उनके पास मिल रहे गुटखा, तंबाकू, बीड़ी-सिगरेट, लाइटर और माचिस बाहर रखवाए जा रहे हैं। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में कार्यक्रम स्थल पर पशुपालक हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे हैं। इन पर मुख्यमंत्री के लिए धन्यवाद संदेश लिखे हैं।
शुक्रवार रात ही भोपाल पहुंच गए थे शाह
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात 12 बजे के बाद भोपाल पहुंचे थे। हेलिपैड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनका स्वागत किया। यहां से वे होटल ताज लेक फ्रंट गए, जहां रात्रि विश्राम किया।
पशुपालक और दूध उत्पादक फोकस में
शाह का दौरा डेयरी सहकारिता विस्तार की रणनीति से भी जुड़ा है। अप्रैल 2025 में एनडीडीबी, मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन और छह दुग्ध संघों के बीच सहयोग समझौता हुआ था। इसका मकसद एनडीडीबी के मैनेजमेंट में दुग्ध संघों का विस्तार करना है।
शाह ने कहा- नवप्रीत को तुर्किए से प्रत्यर्पित कराना ऐतिहासिक सफलता
केंद्रीय मंत्री शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- मोदी सरकार ने कुख्यात ड्रग तस्करी के सरगना नवप्रीत सिंह को तुर्किए से भारत प्रत्यर्पित कराने में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। उसने नवाब विर्क की फर्जी पहचान से तुर्किए की नागरिकता हासिल कर ली थी और अफगानिस्तान से भारत में हेरोइन और मेथामफेटामाइन की तस्करी जारी रखी थी। हमारी एजेंसियों ने उसकी तलाश की और परत-दर-परत जांच करते हुए उसकी असली पहचान उजागर की। इसके बाद उसका प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया गया। आज उसे भारत वापस लाया गया है और ड्रग तस्करी व अन्य कथित अपराधों से जुड़े मामलों में जेल भेज दिया गया है। इस सफलता के लिए सभी एजेंसियों को बधाई।
कई कांग्रेस नेता नजरबंद
केंद्रीय मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले भोपाल में कई कांग्रेस नेता नजरबंद किए गए हैं। पुलिस को शाह के सामने इनके द्वारा प्रदर्शन किए जाने की आशंका थी।









