पहली सवारी 3 अगस्त को, 30 जुलाई तक मार्ग रेडी करने का अलर्ट

सवारी मार्ग के साथ रामघाट गोपाल मंदिर और मंदिर महाकाल परिसर की व्यवस्थाएं देखी अधिकारियों ने
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 3 अगस्त को भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। इसे लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। सवारी मार्ग पर चल रहे निर्माण और सड़क चौड़ीकरण के काम ३० जुलाई तक हर हाल में पूरा करने का अल्टीमेटम अफसरों ने जिम्मेदारों को दे दिया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के दल ने गुरुवार को पूरे रूट का ग्राउंड जीरो पर जाकर मुआयना किया। संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने संबंधित विभागों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सवारी मार्ग से जुड़े सभी कार्य पहली सवारी से पूर्व यानी 30 जुलाई तक हर हाल में पूरे किए जाए।
अधिकारियों ने रामघाट, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, महाकाल चौराहा, कर्कराज पार्किंग, दत्त अखाड़ा क्षेत्र, चारधाम पार्किंग, झालरिया मठ, नृसिंह घाट और श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर का दौरा भी किया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम की जानकारी ली।
इस दौरान एडीजी राकेश गुप्ता, एसपी प्रदीप शर्मा , मंदिर प्रशासक अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, एडीएम अतेंद्र सिंह, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट, यूडीए सीईओ संदीप सोनी सहित निर्माण एजेंसी के अधिकारी साथ थे।









