भारत में पहली बार प्लास्टिक करेंसी की एंट्री, RBI छापेगा 200 करोड़ नोट

देश में जल्द ही ₹10 और ₹20 के पॉलीमर (प्लास्टिक) बैंक नोट देखने को मिल सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इन नोटों के परीक्षण के लिए बड़े स्तर पर पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी में है। इस योजना के तहत दोनों मूल्यवर्ग के लगभग 100-100 करोड़ नोट छापे जाएंगे।
केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह कदम प्लास्टिक करेंसी की उपयोगिता और टिकाऊपन का आकलन करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। हालांकि, ट्रायल कब शुरू होगा, इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
यदि यह परीक्षण सफल रहता है, तो RBI भविष्य में ₹10 और ₹20 के पॉलीमर नोट नियमित रूप से जारी कर सकता है। हालांकि, फिलहाल कागज से बने मौजूदा नोटों को बंद करने की कोई योजना नहीं है। दोनों प्रकार की करेंसी साथ-साथ प्रचलन में रह सकती हैं।
हाल के दिनों में ऐसी रिपोर्टें भी सामने आई थीं कि RBI नई पीढ़ी की करेंसी प्रणाली की दिशा में पॉलीमर नोटों के पायलट प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। माना जा रहा है कि प्लास्टिक नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होंगे और उनकी उम्र भी ज्यादा होगी।









