सावन संडे : 11 बजे तक ढाई लाख ने किए दर्शन

अफसरों की मेहनत रंग लाई, दिन-रात एक कर तैयार कर दिया सवारी मार्ग
पालकी के लिए राह सजी… कल बाबा महाकाल करेंगे नगर भ्रमण
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भगवान महाकाल की पहली सवारी कल निकलेगी। सारी शंका-आशंकाओं के परे भगवान महाकाल की राह सजधज कर तैयार है। दिनरात एक कर अधिकारियों, खासकर संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशनकुमार सिंह और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्र ने सभी बाधाओं को दूर करते हुए एक दिन पहले ही सवारी मार्ग तैयार कर दिया। खासकर रामघाट मार्ग और ढाबा रोड के निर्माण कार्य बड़े बाधक थे। ये रोड भी अब रेडी हैं और भगवान महाकाल अपने पूर्ण शान-औ-शौकत के साथ अब नगर भ्रमण पर निकल सकेंगे। शनिवार को 3 लाख 38 हजार 452 दर्शनार्थी मंदिर पहुंचे। संडे को भी काफी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचे। सुबह भस्म आरती मे करीब 5 हजार से अधिक लोगों को चलित कतार से भस्म आरती दर्शन कराए गए। सुबह 11 बजे तक ढाई लाख से अधिक दर्शन कर चुके थे।
अधूरे मकानों को ग्रीन नेट से ढंाका, दीवारों पर पेंटिंग
सवारी मार्ग पर हरसिद्धि पाल से रामघाट दीवारों को सजाया गया। रामानुज कोट से रामघाट मार्ग तक प्रभावित भवनों पर ग्रीन नेट लगाई गई। रिटेनिंग वॉल एवं मार्ग की दीवारों पर सिंहस्थ, साधु-संतों तथा धार्मिक स्थलों के जीवन प्रसंगों पर आधारित वॉल पेंटिंग बनाई गई हैं। इनके माध्यम से मार्ग को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप देकर सुंदर बनाया जा रहा है। रामघाट स्थित राणोजी की छत्री पर डोम लगाया गया है। संपूर्ण सवारी मार्ग की सफाई, नालियों व चैंबरों की सफाई के साथ-साथ फायर फाइटर के माध्यम से घाटों की धुलाई का काम रविवार को भी चलता रहा।
देर रात कलेक्टर, निगमायुक्त और मंदिर प्रशासक निकले भ्रमण पर
सवारी मार्ग की व्यवस्था देखने के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मोर्चा संभाला और रात में छोटा सराफा, गोपाल मंदिर, टंकी चौराहा, ढाबा रोड, श्री सत्यनारायण मंदिर, कार्तिक चौक और गणगौर दरवाजा होते हुए सीधे शिप्रा तट रामघाट तक पैदल मुआयना किया। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट साथ थे।
15 मीटर चौड़े मार्ग से गुजरेगी सवारी
सत्यनारायण मंदिर से छत्रीचौक तक 15 मीटर चौड़े और लगभग 425 मीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण कार्य अंतिम पड़ाव पर है। प्रभावित भवनों पर ग्रीन नेट लग चुकी है, कमरी मार्ग चौराहे पर कोबल स्टोन की फिनिशिंग हो गई है, चैंबरों को सुरक्षित तरीके से ढंकने और पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य जारी है।
सवारी मार्ग का काम कठिन था लेकिन यह बाबा महाकाल का काम था तो पूरा भी उनको ही करना था। हां पूरी टीम ने खूब मेहनत की। परिश्रम में कोई भी पीछे नहीं रहा। सभी की मेहनत सफल रही।
आशीष सिंह, संभागायुक्त
एवं मेला अधिकारी
सभी की अथक मेहनत से सवारी मार्ग का काम समय पर पूरा हो गया। रात-दिन टीम पूरी मेहनत से लगी रही। सबने दिल लगाकर काम किया। पूरी टीम इसके लिए बधाई की पात्र है।
रौशनकुमार सिंह, कलेक्टर
सभी ने अच्छा काम किया। इंजीनियर से लगाकर एजेंसी के कर्मचारी भी तीन-तीन शिफ्ट में काम करते रहे। सभी की मेहनत रंग लाई।
अभिलाष मिश्रा, निगमायुक्त
ट्रैफिक व्यवस्था: कई रास्ते बंद रहेंगे
चार पहिया वाहन भील समाज धर्मशाला, कर्कराज, चारधाम, कार्तिक मेला मैदान में पार्क होंगे। यहां पार्किंग फुल होने पर मन्नत गार्डन, इंपीरियल के पास पार्क होंगे। टू-व्हीलर पार्किंग हरसिद्धि पाल, क्षीरसागर मैदान, टंकी चौराहा मल्टी लेवल में पार्क होंगे।
यह रहेगा बदलाव
सवारी को देखते हुए दोपहर 2 से रात 9 बजे तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
बडऩगर, नागदा, मंदसौर, नीमच से आने-जाने वाले वाहन तपोभूमि चौराहे से डायवर्ट होंगे। बसें महामृत्युंजय द्वार से आगे नहीं आएंगी।
देवासगेट बस स्टैंड से भारी वाहन एवं बसें हरिफाटक टी एवं हरिफाटक चौराहे तरफ नहीं जा सकेंगे।
सभी प्रकार के वाहन हरिफाटक टी से बेगमबाग, कोट मोहल्ला एवं गोपाल मंदिर तरफ नहीं जा सकेंगे।
इसी तरह सभी प्रकार के वाहनों का दौलतगंज चौराहे से कोट मोहल्ला, तेलीवाड़ा चौराहे से दानीगेट, कार्तिक चौक से हरसिद्धि पाल की तरफ नहीं जाएंगे।
सावन को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सवारी मार्ग की तरफ हर तरह के वाहनों का प्रवेश दोपहर २ बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
दिलीप सिंह परिहार, डीएसपी ट्रैफिक









