अवैध पार्किंग की जांच करने पहुंचीं तहसीलदार बोलीं- रेट फिक्स कर लो, एक ही रेट होना चाहिए

कालभैरव मंदिर क्षेत्र में व्यवस्थाओं का मुआयना
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। काल भैरव क्षेत्र में चल रही अवैध पार्किंग की जांच करने पहुंचीं तहसीलदार ज्योति लाक्षकार ने गुरुवार को मार्किंग कराई ओर कहा कि सभी पार्किंग के रेट एक से होने चाहिए। रेट की जानकारी बड़े बोर्ड पर लिखी होनी चाहिए।
दरअसल, कालभैरव लोक का निर्माण किया जा रहा है। इसके चलते पुरानी पार्किंग वाले इलाके को बंद किया गया है। ओखलेश्वर की तरफ इन दिनों कई लोगों ने निजी पार्किंग बना ली है। इसकी शिकायत लगातार पहुंच रही है। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने मंदिर प्रबंध समिति की सचिव एवं तहसीलदार ज्योति लाक्षकार को शिकायत की जांच करनेे के लिए गुरुवार को मौके पर भेजा था। उन्होंने मुआयना कर स्थिति देखी।
यहां उन्होंने पाया कि कई लोगों ने अवैध पार्किंग बना ली है और यह लोग वाहन मालिकों से मन मुताबिक शुल्क ले रहे हैं। तहसीलदार ने इनसे बात की और कहा कि पार्किंग तय क्षेत्र में और तय रेट अनुसार ही होनी चाहिए। उन्होंने मंदिर के पास की अवैध पार्किंग हटवाई और इनके माध्यम से श्रद्धालुओं से वसूली करने वालों को समझाइश दी। तहसीलदार ने कहा कि सभी पार्किंग का एक तय शुल्क होना चाहिए। आप सभी तय रेट के बोर्ड बनवाए और अपनी-अपनी पार्किंग पर इसे लगवाएं। अगर ऐसा नहीं किया तो कार्रवाई होगी।
मंदिर की व्यवस्था भी देखी
मुआयने के दौरान तहसीलदार ने मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं से दर्शन, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था की जानकारी भी ली। इस पर श्रद्धालुओं ने मंदिर क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
तहसीलदार ने बताया कि कालभैरव क्षेत्र मे अवैध पार्किंग की शिकायत मिली थी, इसकी जांच की गई। संचालकों को समझाइश दी है कि वे अपनी पार्किंग में रेट की सूची चस्पा करें। हर पार्किंग की रेट लिस्ट एक सी होनी चाहिए। अलग-अलग होनेे पर कार्रवाई की जाएगी।









