शादी क तीसरे दिन फंदे पर झूली दुल्हन, मौत

अक्षरविश्व न्यूज ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शादी के तीसरे दिन एक नवविवाहिता ने साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। ससुराल पक्ष ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। वह करीब 100 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझती रही। 6 अगस्त को इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला लक्ष्मणगढ़ गांव का है।
महाराजपुरा पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान गोरमी निवासी सपना गुर्जर (22) के रूप में हुई है। उसका ग्वालियर और दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चला, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने बताया- लक्ष्मणगढ़ गांव निवासी पान सिंह गुर्जर के बेटे सौरभ गुर्जर की शादी 25 अप्रैल 2026 को भिंड जिले के गोरमी निवासी सपना गुर्जर से हुई थी। शादी के बाद सपना ससुराल पहुंची, जहां शादी की रस्में चल रही थीं।
28 अप्रैल की दोपहर घर में मुंह दिखाई की रस्म चल रही थी। इसी दौरान सपना बाथरूम जाने की बात कहकर गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजन उसे देखने पहुंचे। बाथरूम का दरवाजा खोलने पर सपना चढ़ावे में मिली साड़ी का फंदा बनाकर लटकी मिली।
परिजन उसे तुरंत बिरला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे दिल्ली के एसएसबी अस्पताल रेफर किया गया। दिल्ली के एसएसबी अस्पताल में इलाज के बाद उसे दोबारा ग्वालियर लाया गया, जहां अलग-अलग अस्पतालों में उसका उपचार जारी रहा।
26 जून से वह ग्वालियर के सिटी लाइफ मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती थी। डॉक्टर लगातार उसे बचाने की कोशिश करते रहे। घटना के बाद सपना करीब 100 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझती रही। ग्वालियर और दिल्ली के कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन 6 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।









