कारोबारी बनकर 5.59 लाख की ठगी

ग्वालियर। ग्वालियर में व्यापार की आड़ में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। हेमसिंह की परेड निवासी फुलझड़ी कारोबारी फैजान खान और उनके चाचा अकील खान से एक ठग ने सस्ते दाम पर आतिशबाजी का कच्चा माल दिलाने का झांसा देकर 5.59 लाख की ठगी कर ली।
माल नहीं मिलने पर दोनों हरदा पहुंचे तो पता चला कि जिस फैक्ट्री के नाम पर सौदा हुआ था, वह दो साल से बंद पड़ी है। शिकायत पर ग्वालियर साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फैजान खान ने पुलिस को बताया कि 10 सितंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को हरदा के एक बड़े पटाखा कारोबारी का बेटा बताया। ठगी का पता चलने पर पीडि़तों ने ग्वालियर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक खातों के ट्रांजैक्शन और मोबाइल नंबरों की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।









