ट्रक से टकराई पिकअप, 8 की मौत, 23 घायल

ग्वालियर से यूपी लौट रहे थे; हाइवे पर गायों को बचाने में हुआ हादसा
अक्षरविश्व न्यूज भिंड/ग्वालियर। भिंड में नेशनल हाइवे-719 पर गोहद इलाके में सोमवार देर रात करीब 1 बजे तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इससे 8 लोगों की मौत हो गई। 23 घायल हैं। इनमें ट्रक ड्राइवर भी शामिल है।
घायल नंदलाल बताया कि पिकअप में 29 मजदूर सवार थे। सभी अलग-अलग गांव के थे। ये लोग ग्वालियर से धान की रोपाई का काम पूरा कर घर लौट रहे थे। पहले चार मजदूरों की मौत और 25 के घायल होने की जानकारी आई थी। हादसे के बाद गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पांच शव गोहद और तीन शव ग्वालियर में रखे गए हैं। शवों की पहचान की जा रही है।
धान रोपाई का काम कर लौट रहे थे मजदूर
थाना प्रभारी रामनरेश यादव के मुताबिक पिकअप की रफ्तार 80 से 90 किमी प्रति घंटा होने का अनुमान है। छीमका गांव के पास हाइवे पर कुछ गाय सड़क पर बैठी थीं। इन्हें बचाने में ड्राइवर ने पिकअप मोड़ी और सामने आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की।









