अग्निवीर पर दुष्कर्म और हत्या का केस

गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप; पंजाब से गिरफ्तार कर ग्वालियर लाई पुलिस
ग्वालियर। ग्वालियर में एक अग्निवीर जवान पर 19 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, जबरन गर्भपात कराने और जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी अग्निवीर विकास बघेल, निवासी खुर्दपाल, चीनौर, को पंजाब से गिरफ्तार कर ग्वालियर लाया है।
पुलिस के मुताबिक, करीब तीन साल पहले विकास और युवती के बीच शादी की बातचीत चली थी। दोनों परिवारों की सहमति नहीं बनने से रिश्ता तय नहीं हुआ, लेकिन विकास युवती के संपर्क में बना रहा। आरोप है कि उसने शादी का भरोसा देकर तीन साल तक युवती से कई बार दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं के जरिए वह युवती को ब्लैकमेल करने लगा।
गर्भवती होने पर कराया गर्भपात
पुलिस के अनुसार, लगातार संबंधों के चलते वर्ष 2025 में युवती गर्भवती हो गई। आरोप है कि विकास उसे एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उसका गर्भपात कराया गया। इसके बाद युवती विकास पर शादी करने का दबाव बनाने लगी।
कैफे के पास से कमरे में ले गया
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को विकास ने युवती को बातचीत के लिए बुलाया। युवती परिजनों को बिना बताए घर से निकली थी। उसके ममेरे भाई ने उसे पोसम्पा कैफे के पास छोड़ा। वहां से विकास उसे हजार बिस्तर अस्पताल के पास एक कमरे में ले गया।
युवती ने विकास से उसके अश्लील फोटो और वीडियो डिलीट करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विकास ने युवती को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया और पानी पिलाने के बाद वहां से भाग गया। इसके बाद वह पंजाब चला गया और अपनी ड्यूटी जॉइन कर ली।
अस्पताल में मौत, बयान में लगाए आरोप
जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई। उसने परिजन को फोन किया, जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मौत से पहले युवती ने अस्पताल में पुलिस को बयान दिया था। परिजनों ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है, जिसमें युवती विकास पर जहर देने का आरोप लगा रही है।
सिरोल थाना प्रभारी गोविंद बगोली ने बताया कि युवती के बयान, परिजनों की गवाही और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर विकास के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर ग्वालियर लाया गया है।









