टेकऑफ से पहले विमान से आई तेज आवाज

लुधियाना में पायलट ने फ्लाइट लौटाई चार घंटे एयरपोर्ट पर फंसे रहे यात्री
लुधियाना, एजेंसी। लुधियाना के हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भरने से ठीक पहले परेशानी में फंस गई। विमान रनवे की तरफ बढ़ रहा था, तभी अचानक उसमें से तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही पायलट ने विमान को आगे ले जाने के बजाय वापस एप्रन पर ले जाकर खड़ा कर दिया।
तकनीकी खराबी सामने आने के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारकर बसों के जरिए सुरक्षित टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। इसके बाद विमान की जांच की गई और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लाइट को करीब 4 घंटे की देरी से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस घटना के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने तकनीकी खराबी और विमान में आई तेज आवाज के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। इससे पहले भी एयर इंडिया फ्लाइट को रोका गया था।









