उज्जैन एयरपोर्ट : 18 को होगी नरवर में जनसुनवाई अक्टूबर तक जमीन अधिग्रहण पूरा करने की कोशिश

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ से पहले उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने की तैयारी तेज हो गई है। 450 पैंसेजर क्षमता वाले एयरपोर्ट के दायरे में आने वाली जमीन के अधिग्रहण के लिए 18 अगस्त को जनसुनवाई होगी। उम्मीद है कि इसमें आई आपत्तियों का निराकरण इसी महीने करने के बाद जमीन अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
दताना-मताना एयरस्ट्रिप पर बनने वाले एयरपोर्ट के लिए दताना और नरवर में जमीन अधिग्रहित की जाएगी। दताना के सर्वे नंबर 407, 408, 415, 419, 619, 627, 411, 405,782, 830,835 और नरवर के सर्वे नंबर 11, 146, 147, 201, 227, 925, 931 की जमीन एयरपोर्ट के दायरे में आ रही है। 121. 14 करोड़ की लागत से बनने वाले एयरपोर्ट की पर्यावरणीय मंजूरी के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय ने जनसुनवाई रखी है। 18 अगस्त को यह जनसुनवाई नरवर में होने वाली जनसुनवाई में लोग अपनी आपत्ति और सुझाव दे सकेंगे।
एयरपोर्ट 135.977 हेक्टेयर में बनेगा। इसके लिए सरकारी जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंपी जा चुकी है। प्राइवेट जमीन के अधिग्रहण की प्रोसेस शुरू की गई है। गौरतलब है कि उज्जैन में अभी दताना-मताना एयरस्ट्रिप है। जिस पर चुनिंदा श्रेणी के ही विमान उतर-उड़ सकते हैं। सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन में एयरपोर्ट तैयार किया जा रहा है। इस पर एटीआर श्रेणी के विमान उतार सकेंगे। इनकी यात्री क्षमता 72 होगी।









