रुपयों के विवाद में दांत से ऊंगली काटी

उज्जैन। सोमवार रात नजर अली परिसर में दो युवकों के बीच रुपयों को लेकर विवाद हुआ जिसमें एक युवक ने दांत से दूसरे की ऊंगली काटकर घायल कर दिया। इनायत पिता साबिर निवासी इंदिरानगर ने बताया कि निजातपुरा में रहने वाले जितेंद्र रायकवार से उसका एक हजार रुपए का लेनदेन था। रात 11.30 बजे वह नजर अली परिसर में मिला। उससे रुपए वापस मांगे तो मारपीट करने लगा। इस दौरान जितेंद्र ने दांत से उसके हाथ की ऊंगली काट ली और नुकीली वस्तु से कंधे पर वार किया।
मारपीट के बाद चाकू से स्वयं को किया घायल
उज्जैन। हीरामिल की चाल में रहने वाले युवक ने पड़ोसी से विवाद के बाद स्वयं को चाकू मारकर घायल कर लिया। परिजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रकाश पिता रामदयाल (40) निवासी हीरामिल की चाल दोना पत्तल कारखाना में काम करता है और शराब पीने का आदी है। सोमवार रात वह नशे में घर के बाहर गाली गलौज कर रहा था। उसने एक बालक को चांटा मारा तो पिता प्रवीण और मां पिंकी ने प्रकाश की पिटाई कर दी। परिजन उसे घर में ले गए जहां प्रकाश ने स्वयं के हाथ में चाकू मारकर घायल कर लिया।
स्वीमिंग पूल में महिला कर्मचारी से छेड़छाड़
उज्जैन। नजरअली कम्पाउंड स्थित नगर निगम के स्वीमिंग पूल का संचालन ठेकेदार के द्वारा किया जा रहा है। यहां की महिला कर्मचारी के साथ ठेकेदार के मैनेजमेंट कर्मचारियों ने छेड़छाड़ की जिसकी रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। टीआई बीडीएस तोमर ने बताया कि उज्जैन की रहने वाली महिला कर्मचारी के साथ नगर निगम के स्वीमिंग पूल में एक माह पहले छेड़छाड़ की घटना हुई थी।
दो दिन पहले महिला ने थाने पहुंचकर ठेकेदार कर्मचारी अजय जाट और प्रियांश गुप्ता निवासी दिल्ली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि दोनों कर्मचारियों ने अकेला पाकर अश्लील हरकत की। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद अजय व प्रियांश की तलाश शुरू की। दोनों कर्मचारी नौकरी छोड़कर दिल्ली चले गए हैं।
ट्रेन से लैपटॉप चोरी
उज्जैन। उज्जैन आने के लिए ट्रेन से यात्रा कर रहे एक व्यक्ति का अज्ञात बदमाश ने लैपटॉप चोरी कर लिया जिसकी रिपोर्ट जीआरपी में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बताया कि आलोकनाथ पिता महेश निवासी धनबाद ट्रेन में उज्जैन के लिए यात्रा कर रहा था तभी उसका लैपटॉप अज्ञात बदमाश ने चोरी कर लिया। आलोक ने जीआरपी थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि चोरी गए लैपटॉप की कीमत 70 हजार रुपए है।









