विकास की नई रोशनी की ओर बढ़ रहा बालाघाट : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

225 करोड़ रुपए से 100 गांवों के समग्र विकास की घोषणा, नक्सल प्रभावित रहे बोंदारी गांव में ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बालाघाट जिले के दूरस्थ गांव बोंदारी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे इस बोंदारी गांव में ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे, जनजातीय समाज की समस्याएं सुनीं और उन्हें मौके पर ही हल किया। मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और यहां के बैगा समुदाय को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए बालाघाट जिले के 100 गांवों के समग्र विकास के लिए 225 करोड़ रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बालाघाट अब नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त होकर विकास की नई रोशनी की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम से पहले बालाघाट जिले की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी भी बांधी और मिठाई खिलाई।
युवाओं के लिए रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सड़क और अन्य अधोसंरचना विकसित करना नहीं, बल्कि गांवों को बाजार और युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोडऩा है। बालाघाट में एमएसएमई, ग्रामोद्योग और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण को ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने का माध्यम बनाया जाएगा।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र अब विकास की राह पर- मुख्यमंत्री ने कहा कि बालाघाट अब नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त होकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का संकल्प ‘सुरक्षा के साथ विकास और विकास के साथ रोजगारÓ है। नक्सलमुक्त क्षेत्रों में विकास की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी। हर गांव में विकास, हर युवा को अवसर और हर परिवार की आय बढ़ाने के लिए योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।
बैगा समाज के विकास का संकल्प- ग्राम बोंदारी में मुख्यमंत्री ने बैगा समाज के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैगा समाज मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण जनजातीय विरासत का हिस्सा है। बैगा परिवारों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।









