PM मोदी बोले- रेल कॉरिडोर देखकर फूफाजी नाराज हो जाएंगे

पुरानी सरकार 10 साल में 50 हजार टॉयलेट नहीं बना सकती थी, हम चिप से शिप तक बना रहे
वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वडोदरा में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए पिछली यूपीए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने देश के विकास को रोक दिया था, जबकि उनकी सरकार ने विकास की रफ्तार को तेज किया है। पीएम ने फ्रेट कॉरिडोर को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि इससे किसानों और देश के कारोबार को बड़ा फायदा हो रहा है।
डबल कंटेनर मालगाड़ी का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई के JNPT से डबल कंटेनर मालगाड़ी चलाई गई। इसके जरिए एक बार में करीब 250 ट्रकों से ज्यादा सामान मुंबई से वडोदरा पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे माल ढुलाई तेज और अधिक प्रभावी होगी तथा देश के एक कोने से दूसरे कोने तक सामान पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बोले- ‘फूफाजी चिल्लाएंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा’
फ्रेट कॉरिडोर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “अब ये नाराज फूफाजी चिल्लाएंगे कि इन ट्रक वालों का क्या होगा।” उन्होंने कहा कि विकास के साथ देश में परिवहन के नए साधन और नए अवसर तैयार हो रहे हैं। अब रेल वहां भी पहुंच रही है, जहां पहले नहीं पहुंची थी।
‘पुरानी सरकार 10 साल में 50 हजार टॉयलेट नहीं बना सकती थी’
पीएम मोदी ने पिछली यूपीए सरकार पर विकास कार्यों को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि पुरानी सरकार 10 साल में 50 हजार टॉयलेट नहीं बना सकती थी। इसके विपरीत उनकी सरकार देश में आधुनिक उद्योग और तकनीक को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि भारत अब “चिप से शिप तक” निर्माण करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पीएम ने इसे देश में हो रहे व्यापक औद्योगिक और तकनीकी बदलाव का उदाहरण बताया।









