स्मार्टवॉच खरीदने जा रहे हैं? इन 5 बातों का जरूर रखें ध्यान

स्मार्टवॉच आज सिर्फ समय देखने का गैजेट नहीं रह गई है। स्टेप गिनने, हार्ट रेट देखने, वर्कआउट ट्रैक करने से लेकर कॉल और नोटिफिकेशन चेक करने तक, यह कई काम आसान कर देती है। यही वजह है कि अब लोग ऑफिस, जिम और रोजमर्रा के कामों के दौरान भी स्मार्टवॉच पहनना पसंद करते हैं।लेकिन बाजार में इतने सारे मॉडल और फीचर्स मौजूद हैं कि सही स्मार्टवॉच चुनना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।इसलिए खरीदने से पहले इन बातों पर ध्यान देना जरूरी है।
1. पहले तय करें किस काम के लिए चाहिए
स्मार्टवॉच खरीदने से पहले खुद से पूछें कि आपको इसकी जरूरत किस काम के लिए है। अगर आप रोज जिम या रनिंग करते हैं तो हेल्थ और फिटनेस फीचर्स वाली वॉच बेहतर रहेगी। वहीं कॉल और मैसेज के लिए स्मार्टवॉच चाहिए तो Bluetooth कॉलिंग और नोटिफिकेशन जैसे फीचर्स आपके लिए ज्यादा जरूरी होंगे।
2. फोन के साथ होनी चाहिए कंपैटिबिलिटी
स्मार्टवॉच आपके फोन के साथ कनेक्ट होकर काम करती है, इसलिए खरीदने से पहले यह जरूर देखें कि वह आपके Android या iPhone के साथ काम करती है या नहीं। कुछ वॉच में कई फीचर्स दूसरे ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ पूरी तरह काम नहीं करते। इसलिए खरीदारी से पहले कंपैटिबिलिटी जरूर चेक करें।
3. बैटरी और वाटर रेसिस्टेंस भी देखें
रोजाना इस्तेमाल के लिए ऐसी स्मार्टवॉच चुनना बेहतर है जिसकी बैटरी अच्छी चले। करीब 5 से 7 दिन का बैकअप मिलने पर बार–बार चार्ज करने की परेशानी कम हो सकती है। इसके साथ वॉटर रेसिस्टेंस भी जरूरी है। पसीने, बारिश या पानी के संपर्क में आने पर इससे वॉच की सुरक्षा बेहतर रहती है।
4. सिर्फ फीचर्स देखकर न खरीदें
आजकल स्मार्टवॉच में ढेरों फीचर्स मिलते हैं, लेकिन हर फीचर हर व्यक्ति के काम का नहीं होता। इसलिए सिर्फ ज्यादा फीचर्स देखकर महंगी वॉच खरीदने से बचें। अपनी जरूरत के हिसाब से जरूरी फीचर्स चुनें, जैसे हार्ट रेट मॉनिटरिंग, स्टेप काउंट, स्लीप ट्रैकिंग, GPS या Bluetooth कॉलिंग।
5. कंफर्ट और बजट का रखें ध्यान
स्मार्टवॉच ऐसी होनी चाहिए जिसे आप लंबे समय तक आराम से पहन सकें। वॉच का वजन, स्ट्रैप और साइज खरीदने से पहले जरूर देखें। बजट भी पहले तय कर लें। महंगी वॉच ही हमेशा आपके लिए बेहतर हो, यह जरूरी नहीं। अपने बजट में जरूरी फीचर्स देने वाला मॉडल चुनना ज्यादा समझदारी है।
खरीदने से पहले याद रखें
स्मार्टवॉच खरीदते समय सिर्फ उसका लुक या ब्रांड न देखें। आपकी जरूरत, फोन की कंपैटिबिलिटी, बैटरी, कंफर्ट, वाटर रेसिस्टेंस और जरूरी फीचर्स पर ध्यान दें। इससे आप ऐसी स्मार्टवॉच चुन पाएंगे जो वास्तव में आपके रोजमर्रा के काम आए।









