सफाई व्यवस्था की होगी डिजिटल मॉनिटरिंग, ऑनलाइन रहेगी नजर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के मकसद से नगरनिगम सफाई कार्यों की डिजिटल मॉनिटरिंग करने जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक एवं दरोगाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह एवं सहायक आयुक्त रविकांत मगरदे की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऑनलाइन डिजिटल मॉनिटरिंग एप्लीकेशन के संचालन एवं उपयोग की जानकारी दी। डिजिटल मॉनिटरिंग एप्लीकेशन के परीक्षण, संचालन की प्रक्रिया तथा विभिन्न सफाई कार्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने एवं मॉनिटरिंग करने की जानकारी दी गई। एप्लीकेशन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे स्वच्छता कार्यों की स्थिति की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
इन कार्यों की होगी डिजिटल मॉनिटरिंग
डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से सड़क, सफाई , रोड स्वीपिंग, सार्वजनिक एवं सुलभ शौचालयों की स्वच्छता, लिटरबिन एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था सहित विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया कि निर्धारित क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई हो, सड़कें एवं सार्वजनिक स्थल स्वच्छ रहें तथा शौचालयों एवं लिटरबिन की स्थिति भी बेहतर बनी रहे।
मौके से मिलेगी सफाई व्यवस्था की जानकारी
डिजिटल प्रणाली लागू होने से सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी हो सकेगी। संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र में सफाई कार्यों की स्थिति को ऑनलाइन माध्यम से दर्ज एवं मॉनिटर कर सकेंगे। इससे जहां सफाई व्यवस्था में कमी दिखाई देगी, वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई तत्काल किए जाने में सुविधा होगी।









