68 वें कालिदास समारोह की पंचम संध्या में पंडित अजय चक्रवर्ती का शास्त्रीय गायन

राग मेघ में मेघदूत के श्लोकों से बांधा कमाल का समां
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अखिल भारतीय कालिदास समारोह की पंचम सांस्कृतिक संध्या भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित गायक पंडित अजय चक्रवर्ती के नाम रही। अपनी परिपक्व गायकी, सुरों की शुद्धता और भावपूर्ण प्रस्तुति से उन्होंने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी गायकी में शास्त्रीय संगीत की गहराई के साथ रागों की भावाभिव्यक्ति और साहित्यिक संवेदना का सुंदर समन्वय दिखा।
कालिदास अकादमी के पंडित सूर्यनारायण व्यास संकुल में संध्या का आरंभ पंडित अजय चक्रवर्ती ने राग मेघ में महाकवि कालिदास के अमर काव्य ‘मेघदूत’ के पूर्वमेघ के श्लोकों की संगीतमय प्रस्तुति से किया। कालिदास के काव्य और राग मेघ का यह संगम समारोह की मूल भावना के अनुरूप एक विशेष सांस्कृतिक अनुभव बन गया। मेघदूत के शब्दों को सुरों में पिरोकर उन्होंने प्रकृति, विरह और
संवेदना के भावों को स्वराभिव्यक्ति प्रदान की। इस प्रस्तुति में साहित्य और संगीत का अद्भुत तादात्म्य दिखाई दिया।
प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि उन्होंने शास्त्रीय संगीत की तकनीकी शुद्धता को भावों की सहजता से जोड़ा। सुरों पर असाधारण पकड़, राग विस्तार की गरिमा और लयकारी के संतुलन ने गायन को प्रभावशाली बनाया। उनकी आवाज में शास्त्रीय परंपरा की समृद्धि और साधना की परिपक्वता स्पष्ट अनुभव होती रही।
कालिदास के काव्य को शास्त्रीय संगीत के माध्यम से स्वर देना इस संध्या का उल्लेखनीय पक्ष रहा। पंडित चक्रवर्ती ने अपने गायन से यह अनुभूति कराई कि भारतीय साहित्य और संगीत एक-दूसरे के पूरक हैं।
उनके साथ हारमोनियम पर पंडित अजय जोगलेकर और तबले पर स्वप्निल भीसे ने प्रभावशाली संगत की। स्वर सहयोग एवं तानपुरे पर अनुभव खामारु ने भी प्रस्तुति को गरिमा प्रदान की। कलाकारों के बीच उत्कृष्ट तालमेल और सधी हुई संगत ने गायन की प्रभावशीलता को और बढ़ाया। इस तरह पंडित अजय चक्रवर्ती की प्रस्तुति ने पंचम सांस्कतिक संध्या को यादगार बना दिया।
जानिए पं. अजय चक्रवर्ती को
चक्रवर्ती भारतीय शास्त्रीय संगीत के पटियाला-कसूर घराने के ख्यातनाम गायक हैं। ख्याल गायकी के साथ ठुमरी, टप्पा, भजन और गजल जैसी संगीत विधाओं पर भी उनका समान अधिकार है। उनकी साधना और संगीत के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है। उनके पास राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, तानसेन सम्मान, कुमार गंधर्व सम्मान और बंग-विभूषण जैसे सम्मान हैं।









