पेस्टिसाइड के रैपर बदलकर बेचने वाले नामी कंपनियों में रह चुके एजेंट

पुलिस को सप्लायर की तलाश, आरोपी 13 तक रिमांड पर
उज्जैन। नामी कंपनियों के रैपर लगाकर पेस्टिसाइड बेचने वाले तीन आरोपी 13 सितंबर तक रिमांड पर रहेंगे। नानाखेड़ा पुलिस ने उन्हें गुरुवार को कोर्ट में पेश किया था और रिमांड की मांग की थी।
टीआई नरेंद्र यादव ने बताया कि आशीष जांगड़ा निवासी झुंझनु राजस्थान एक कंपनी के सेल्स मैनेजर हैं। उन्होंने थाने में शिकायत की थी कि उनकी कंपनी के नाम से नकली पेस्टिसाइड तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे हैं। पुलिस ने विक्रांत सिंह पिता योगेंद्र दुबे निवासी तराना, राजेश पिता मन्नू मेहता निवासी क्षीरसागर, रईस पिता रसिक अहमद निवासी आजाद नगर को गिरफ्तार किया था।
कंपनी में काम करते समय आया आइडिया
पूछताछ में इन्होंने बताया कि वह पहले नामी पेस्टिसाइड कंपनी में एजेंट का काम कर चुके हैं। इसी दौरान नकली पेस्टिसाइड बेचने का आइडिया आया था। इन्होंने दूसरी पेस्टिसाइड कंपनी के लोगों के संपर्क किया और उनके प्रोडक्ट पर ब्रांडेड कंपनियों के रैपर चस्पा कर दिए। इस तरह वह दूसरी कंपनी का माल बाजार में खपा रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पकड़े गए। टीआई यादव के अनुसार अमानक पेस्टिसाइड का सप्लायर दूसरे शहर का रहने वाला है जिसकी तलाश की जा रही है।









