टॉवर चौक पर आयोजन डिस्टर्ब कर रहे ट्रैफिक, हर पांच मिनट में लग रहा जाम

उज्जैन। टॉवरचौक पर आए दिन होने वाले आयोजन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। इन आयोजनों के कारण ट्रैफिक जाम हो रहा है और डीजे के कानफोडू शोर से लोग परेशान हो रहे हैं। फ्रीगंज ओवर ब्रिज के निर्माण ने ट्रैफिक की समस्या को और बढ़ा दिया है।
दरअसल, शहर का हर बांशिदा अपना आयोजन टॉवरचौक पर करना चाहता है। अब गणेशउत्सव को ही देख लीजिए, बड़ी प्रतिमाओं के आने का सिलसिला चल रहा है। हर आयोजक प्रतिमा का जुलूस टॉवरचौक से ही निकाल रहा है। इसकी वजह से लोग परेशान हो रहे हैं। उनकी परेशानी वाजिब भी है, क्योंकि जुलूस-जलसे के कारण जाम लग रहा है। तेज संगीत और आतिशबाजी के शोर के कारण रहवासी परेशान हैं। फ्रीगंज ओवरब्रिज का उतरने वाला ट्रैफिक मक्सी रोड भुजा बंद होने से टॅावरचौक पर आ रहा है।
आयोजन बढ़ा रहे समस्या को: स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों के अनुसार टॉवरचौक पर होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजन समस्या को बढ़ा रहे हैं। आयोजन के दौरान सड़क का बड़ा भाग घिर जाता है। ऐसे में डायवर्ट यातायात संकरी सड़क से संचालित होता है। कई बार तो एबुंलेंस तक जाम में फंस जाती हैं।
व्यापारियों के यह हैं सुझाव
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा समस्या का बड़ा कारण एक ही मार्ग पर दोनों दिशाओं से वाहनों का आना है। यदि यातायात को अलग-अलग मार्गों से संचालित किया जाए तो दबाव कम किया जा सकता है।
कुछ व्यापारियों का सुझाव है कि ब्रिज निर्माण पूरा होने तक टॉवरचौक पर होने वाले बड़े आयोजनों पर अस्थायी रोक लगाई जानी चाहिए। ताकि सड़क पर यातायात के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे।
बैरिकेडिंग के माध्यम से वन-वे कर दूसरी दिशा के यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में इंदिरा गांधी चौराहे का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे टॉवरचौक पर एक साथ आने वाले वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।









