Popup Image
Advertisement

‘काबिल’ के डायरेक्टर संजय गुप्ता का निधन, जानें मौत की वजह

बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म डायरेक्टर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने ‘कांटे’, ‘काबिल’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्मों के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। बताया जा रहा है कि 30 अक्टूबर को मुंबई स्थित अपने घर के किचन में गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। इसी चोट के चलते उनका निधन हुआ।

Advertisement

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर संजय गुप्ता के निधन की जानकारी दी। वहीं, उनके करीबी दोस्त हनीफ चूनावाला ने भी इस खबर की पुष्टि की है। घटना के बाद पुलिस टीम संजय गुप्ता के वर्सोवा स्थित घर पहुंची। मामले में फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

संजय गुप्ता के निधन से बॉलीवुड में शोक

Advertisement

संजय गुप्ता के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। डायरेक्टर हंसल मेहता, अशोक पंडित और अनिल शर्मा समेत कई फिल्मी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। डायरेक्टर हंसल मेहता ने भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि संजय गुप्ता उनके लिए सिर्फ बॉस नहीं, बल्कि बेहद करीबी दोस्त थे। उन्होंने बताया कि जिंदगी के मुश्किल दौर में संजय ने उनका साथ दिया था। हंसल ने यह भी बताया कि उनकी पहली और इकलौती रोलेक्स घड़ी संजय गुप्ता ने ही उन्हें दी थी। अब यह घड़ी उनके पास संजय की आखिरी निशानी के रूप में रहेगी। वहीं, सिंगर मीका सिंह ने भी संजय गुप्ता को याद किया। उन्होंने लिखा कि संजय उनके लिए गॉडफादर जैसे थे। बॉलीवुड में पहला मौका देने से लेकर हर मुश्किल वक्त में उनका साथ देने तक, संजय ने हमेशा उनका मार्गदर्शन किया।

संजय गुप्ता
संजय गुप्ता

‘कांटे’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों से बनाई पहचान

Advertisement

संजय गुप्ता बॉलीवुड के उन निर्देशकों में शामिल थे, जिन्होंने क्राइम, एक्शन और गैंगस्टर ड्रामा को पर्दे पर अलग अंदाज में पेश किया। उनकी फिल्मों में दमदार एक्शन और मजबूत किरदार देखने को मिलते थे। उनके करियर की चर्चित फिल्मों में ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ शामिल हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, जॉन अब्राहम और ऋतिक रोशन जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से निर्देशन की शुरुआत की थी। इस फिल्म में संजय दत्त, करिश्मा कपूर और रवीना टंडन मुख्य भूमिकाओं में थे।

अंडरवर्ल्ड से मिली थीं धमकियां, संजय दत्त ने की थी मदद

संजय गुप्ता ने कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि 1992-93 के दौरान उन्हें अंडरवर्ल्ड की तरफ से धमकियां मिली थीं। उनके मुताबिक, एक दिन उनके घर फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम नाना बताया। बाद में उन्हें पता चला कि कॉल छोटा राजन की तरफ से आया था। फोन पर उन्हें धमकियां दी गईं। इससे घबराकर उन्होंने अभिनेता संजय दत्त से मदद मांगी। संजय दत्त ने अपने पिता सुनील दत्त की सरकारी गाड़ी उनके घर भिजवाई। इसके बाद संजय गुप्ता पिछले रास्ते से उस गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए।

संजय गुप्ता
संजय गुप्ता

संजय दत्त के साथ दोस्ती और फिर हुआ था विवाद

संजय गुप्ता और संजय दत्त की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दीं। दोनों ने ‘आतिश’, ‘खौफ’, ‘जंग’, ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’ और ‘जिंदा’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। दोनों ने मिलकर व्हाइट फेदर फिल्म्स नाम की प्रोडक्शन कंपनी भी शुरू की थी। हालांकि, साल 2007 में फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ के दौरान तकनीशियनों के भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद उनकी दोस्ती और प्रोफेशनल पार्टनरशिप में दूरी आ गई।

यह भी पढ़े: महाकाल के दरबार में तमन्ना भाटिया, भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद

यह भी पढ़े: 3 साल बाद पलक और इब्राहिम का ब्रेकअप? किसने तोड़ा रिश्ता?

एक इंटरव्यू में संजयगुप्ता ने बताया था कि इस विवाद के बाद उन्हें करीब तीन साल तक काम नहीं मिला। हालात ऐसे हो गए थे कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़कर खंडाला में होटल का काम करने तक के बारे में सोच लिया था। दोनों ने करीब चार साल तक एक-दूसरे से बात नहीं की। हालांकि, 11 अक्टूबर 2012 को अमिताभ बच्चन की 70वीं जन्मदिन पार्टी में उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और पुरानी गलतफहमियां दूर कर लीं। संजय गुप्ता के निधन से बॉलीवुड ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया है, जिन्होंने एक्शन और क्राइम फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें