दिवाली का बाजार होगा गुलजार 35 दिन बाद छत्रीचौक से बैरिकेडिंग हटी

चौड़ीकरण काम और फिर बवाल के बाद बंद किया था रास्ता
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कंठाल चौराहा-गोपाल मंदिर रोड चौड़ीकरण को लेकर ३५ दिन से बंद छत्रीचौक का रास्ता शुक्रवार रात खोल दिया गया। अब शाही मस्जिद और मणि होटल के दस-दस फीट क्षेत्र में बैरिकेडिंग है। एमआईसी सदस्य रजत मेहता और प्रकाश शर्मा के अनुरोध पर प्रशासन को यह फैसला लेना पड़ा। अब यहां दिवाली का बाजार गुलजार होने की उम्मीद है। गोपाल मंदिर, छत्रीचौक, सराफा में अस्थायी दुकानें लगती हैं।
दरअसल, शाही मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाने के लिए 26 सिंतबर को मार्ग बंद किया गया था। मस्जिद का हिस्सा हटाने के दौरान ही 28 सितंबर को बवाल हो गया और फिर यह पूरा इलाका सीलबंद हो गया। थ्री लेयर बैरिकेडिग़ के कारण पूरा छत्री चौक बंद रहा। हाल यह हो गया कि सराफा से गोपाल मंदिर की 150 मीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को लंबे चक्कर काटने पड़ रहे थे। इस स्थिति के कारण सराफा, नईपेठ, लखेरवाड़ी, मोचीवाड़ा, कमरीमार्ग, टंकी चौराहा, भोलागुरु की गली में जाम के हालत बने हुए थे। करीब एक महीने से चल रही यह मुसीबत त्योहारी सीजन में और बढ़ गई थी। ऐसे में व्यापारियों के साथ यहां आने वाले ग्राहक भी परेशान हो रहे थे और वे अपनी शिकायत पार्षदों से कर रहे थे।
संभागायुक्त आशीष सिंह तक पहुंचा मसला
क्षेत्रीय पार्षद और एमआईसी मेंबर रजत मेहता ने यह बात संभागायुक्त आशीष सिंह तक पहुंचाई। उनका साथ प्रकाश शर्मा ने भी दिया। नतीजा शुक्रवार रात से बैरिकेडिंग हटा दी गई। रात से ही यह रास्ता चालू हो गया।
मस्जिद-मणि होटल के बीच बैरिकेडिंग
दरअसल, गोपाल मंदिर-छत्रीचौक में दिवाली की पूजन सामग्री का अस्थायी बाजार लगता है। चौक में ही खील-बताशे, धानी, रंगोली और साज-सामग्री वाले बैठकर धंधा करते हैं। बैरिकेडिंग होने से इनके कारोबार पर दिक्कत थी, यह अब खत्म हो गई है। अब सिर्फ शाही मस्जिद और मणि होटल के बीच दस-दस फीट क्षेत्र मे बैरिकेडिंग है, शेष रास्ता पूर्ववत चालू हो गया है।
रजत मेहता ने बताया कि चौक की धुलाई और सफाई कराई जा रही है। ताकि दुकानदारों को दिक्कत ना हो। करीब एक महीने से मार्ग बंद होने से लोगों को गहरी परेशानी हो रही थी। प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनके क्षेत्र में भी बैरिकेडिंग हटा दी गई है। दिवाली का बाजार लगाने में अब कोई दिक्कत नहीं होगी।
फायर फायटर से धुली सड़कें
35 दिन तक बैरिकेडिंग के कारण पूरे इलाके की सफाई नहीं हुई थी, ऐसे में सड़कों पर गंदगी पसरी पड़ी थी। फायर फायटर और टैंकर लगाकर शनिवार को इनकी सफाई शुरू की गईं। दिनभर यह काम चलता रहा।
अब यूं जा सकेंगे
कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर
नईपेठ से छत्रीचौक
टंकी चौराहा-नईपेठ
छत्रीचौक- गोपाल मंदिर









