प्रशासक ने परखी मंदिर में सुगम दर्शन और भीड़ प्रबंधन की तैयारी

व्यवहार हर श्रद्धालु के साथ विनम्र एवं मधुर होना चाहिए..
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने शनिवार को मंदिर परिसर एवं दर्शन मार्ग की तैयारी परखी। उन्होंने पहले दोपहर और बाद में रात में सुरक्षाकर्मियों से चर्चा की और उन्हें श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन कराने के हर संभव तरीके अपनाने पर जोर दिया। दरअसल, पितृपक्ष के कारण अब मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ कम है और ऐसे में दर्शन व्यवस्था को और पुख्ता किया जा सकता है।
कौशिक ने कहा कि देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में हमारा व्यवहार विनम्र एवं मधुर होना चाहिए। श्रद्धालुओं को दर्शन मार्ग की पुख्ता जानकारी होनी चाहिए और उन्हें कतार एवं व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी जानी चाहिए। भीड़ प्रबंधन ऐसा हो कि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षाकर्मियों से कहा कि वे अपने दायित्वों के प्रति सजग रहे
कौशिक ने आपात स्थिति अथवा अप्रत्याशित परिस्थिति में तत्काल मंदिर कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि समस्या का समाधान आसानी से निकाला जा सके। सुरक्षाकर्मियों से उन्होंने कहा कि वे अपने दायित्वों के प्रति सजग रहे और संवेदनशीलता के साथ अपना काम करें। किसी भी स्थिति में दर्शन व्यवस्था बाधित नहीं होने देने पर उन्होंने जोर दिया। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर सिम्मी यादव, सुरक्षा प्रभारी दिलीप बामनिया सहित संबंधित अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित थे।









