शाही मस्जिद मसला- प्रभावित हिस्से के स्ट्रक्चर में टूट, कोई जनहानि नहीं

समाजजन की मीटिंग जारी, हटाने के नए तरीके पर विचार
उज्जैन। कंठाल चौराहा-छत्रीचौक सड़क चौड़ीकरण के दौरान हटाई जा रही शाही मस्जिद की मीनार का एक हिस्सा गुरुवार सुबह गिर गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन स्ट्रक्चर(छत) में टूट हुई है। हादसे के बाद मुस्लिम समुदाय ने मीटिंग की और प्रभावित हिस्से को हटाने के अन्य तरीकों पर भी विचार किया।
दरअसल पत्थरों पर बगैर नींव के बनी शाही मस्जिद बेहद नाजुक है और इसीलिए प्रभावित हिस्से को संभाल-संभालकर हटाया जा रहा है। इसी कड़ी में कटर से हटाते समय मीनार का बड़ा हिस्सा छत पर गिर गया। इससे छत को नुकसान पहुंचा है। हालांकि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।
कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण कार्य में छत्रीचौक की मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाते समय कुछ हिस्से में क्षति हुई है। कोई जनहानि नहीं हुई है। कोई फंसा हुआ भी नहीं है। किसी को चोट भी नहीं आई है। कृपया किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें। सभी समाजजन यहां मौजूद है। उनसे चर्चा की जा रही है। अफवाह फैलानेवालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि मीनार का एक हिस्सा (डोम) टूटा था। कोई हताहत नहीं है।
शहर काजी खलीर्कुरहमान के बैठक में होने से बात नहीं हो सकी। मध्यप्रदेश वक्फ कमेटी के अध्यक्ष सनवर पटेल ने बताया कि समाजजन के साथ विचार किया जा रहा है।









