देवास रोड पर हुई दो दुर्घटनाओं में वाहन क्षतिग्रस्त

उज्जैन। देवास रोड पर शनिवार को एक बस ने पीछे से कार को टक्कर मार दी। यह घटना सैफी पेट्रोल पंप के सामने हुई। दूसरी घटना माधव साइंस कॉलेज के पास हुई जिसमें स्टेयरिंग फेल होने से लोडिंग वाहन डिवाइडर में जा घुसा। इसी के साथ ही पीछे आ रही कार लोडिंग वाहन में घुस गई। दोनों दुर्घटनाओं में किसी को चोट नहीं लगी है।
माधव विज्ञान महाविद्यालय के समीप शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे लोडिंग वाहन (छोटा हाथी) का स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसा। अचानक हुए हादसे में पीछे आ रही स्विफ्ट भी उस लोडिंग वाहन में जा घुसी। कार में हैदराबाद के दर्शनार्थी थे। वे उज्जैन में श्री महाकालेश्वर के दर्शन करने आ रहे थे।
इनके नाम दिनेश, चैनाराम और रूपेश हैं। घटना में किसी को चोट नहीं लगी। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक अन्य घटना में स्थानीय भेरूपुरा ताजपुर निवासी राजेश पिता रमेश गोरसिया शनिवार शाम को दोस्त को छोडऩे गोरसर जा रहे थे। देवास रोड पर टूर एंड ट्रेवल्स की वीडियो कोच बस एमपी 70 जेटी 8777 ने पीछे से उनके वाहन को टक्कर मार दी। दुर्घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।









