बुधवारिया बाजार में बनेगा हॉकर्स जोन

11 को होगा भूमिपूजन, 70 लाख रुपए से बनेगा शेड
उज्जैन। नगरकोट माता मंदिर के पास लगने वाले बुधवारिया हाट बाजार में ७० लाख की लागत से हॉकर्स जोन बनाया जाएगा। नवरात्रि के पहले दिन (११ अक्टूबर) को भूमिपूजन होगा।
वार्ड क्रमांक १६ में आने वाले हाट बाजार में बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी कारोबार के लिए आते हैं। सर्दी का समय तो यह ठीक से निकाल लेते हैं, लेकिन गर्मी और बारिश में बहुत दिक्कत होती है। ऐसे में हॉकर्स जोन बनाने का फैसला लिया गया है।
क्या होगा हॉकर्स जोन में
शेड निर्माण किया जाएगा।
इन शेड में व्यापारियों को सुविधानुसार स्थान दिया जाएगा।
व्यापारी शेड में तय स्थान पर अपना कारोबार कर सकेंगे।
व्यवस्थित शेड होने से व्यापारी इधर-उधर ठेला गाड़ी या बैठकर कारोबार नहीं कर सकेंगे।
मंछामन मल्टी के छह में से दो ब्लॉक का काम ९५ और दो का ९० फीसदी पूरा
महापौर निकले मुआयने पर, आवासों के जल्द आवंटन पर दिया जोर
उज्जैन। मंछामन क्षेत्र में बन रही नगरनिगम की मल्टियों के काम ने तेजी पकड़ ली है। छह ब्लॉक में से दो का काम ९५ तो दो का ९० फीसदी हो गया है। शेष दो ब्लॉक का काम तेज गति से करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, मंछामन मल्टी में छह ब्लॉक बनाए जा रहे हैं।इनमें २८८ फ्लैट रहेंगे। कमजोर आय वर्ग के लिए तैयार किए जा रहे इन फ्लैट का निर्माण ब्लॉक अनुसार किया जा रहा है। मल्टी के सी एवं डी ब्लॉक का काम ९० फीसदी और आई एवं जे का ९५ फीसदी हो गया है। जी और एच ब्लॉक का काम भी तेजी से चल रहा है। रविवार को काम का मुआयना करने पहुंचे महापौर मुकेश टटवाल ने अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।
महापौर ने कहा यह करें
बचे काम को जल्दी पूरा करने के लिए हर काम के अलग-अलग टेंडर जारी करें। ताकि काम की गति में इजाफा हो सके। जितनी जल्दी निर्माण होगा, उतनी ही जल्दी आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी।









