Popup Image
Advertisement

“मेरी गलती क्या है?”… बुजुर्ग की चीखों के बीच बरसती रहीं लाठियां

जबलपुर के ग्वारीघाट इलाके की घटना, आसपास खड़ी भीड़ बनी रही तमाशबीन; वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

Advertisement

जबलपुर। सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग की चीख-पुकार के बीच कुछ लोग उन्हें लगातार लाठी-डंडों से पीटते रहे। बुजुर्ग बार-बार गुहार लगाते रहे—“मुझे मत मारो, मेरी गलती क्या है… कोई तो बचा लो।” आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद घटना ने सनसनी फैला दी है।

मामला जबलपुर के ग्वारीघाट इलाके का बताया जा रहा है। यहां मानसिक रूप से बीमार बताए जा रहे बुजुर्ग के साथ कुछ लोगों ने सरेराह मारपीट की। वायरल वीडियो में दो लोग हाथों में लाठी लिए बुजुर्ग को पीटते नजर आ रहे हैं। बुजुर्ग दर्द से कराहते हुए खुद को छोड़ने की गुहार लगाते रहे। मारपीट के दौरान उनके हाथ-पैर से खून निकलता भी दिखाई दे रहा है।

Advertisement

चीखता रहा बुजुर्ग, तमाशा देखती रही भीड़

घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि जब बुजुर्ग मदद के लिए चिल्ला रहे थे, तब आसपास कई लोग खड़े दिखाई दे रहे थे। इसके बावजूद कोई उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया। वीडियो में बुजुर्ग लगातार अपनी बेगुनाही की बात कहते हुए मारपीट रोकने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं।

Advertisement

शुरुआत में वीडियो सामने आने के बाद यह स्पष्ट नहीं था कि घटना किस स्थान की है। बाद में वीडियो में ग्वारीघाट का गेट दिखाई देने पर घटना की पहचान जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र के रूप में हुई।

वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई

बुधवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में मामला आया। इसके बाद अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

एएसपी अंजना तिवारी ने बताया कि बुजुर्ग के साथ मारपीट का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। उन्होंने ग्वारीघाट थाना प्रभारी को वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की तत्काल पतासाजी करने और उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और बुजुर्ग के साथ मारपीट क्यों की गई, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

वीडियो में कैद इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा किया है—जब बुजुर्ग मदद के लिए चीख रहे थे, तब उन्हें बचाने के लिए कोई आगे क्यों नहीं आया?

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें