पति के अफेयर से परेशान पत्नी ने दी गर्लफ्रेंड की हत्या की सुपारी

अफेयर से परेशान थी पत्नी, सुपारी किलर ने चाकू मारे
अक्षरविश्व न्यूज बालाघाट/गोंदिया। मध्यप्रदेश के बालाघाट की एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर (35) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश उनके बॉयफ्रेंड नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने रची थी। मोना ने पड़ोसी के जरिए 13 लाख रुपए की सुपारी दी थी। इसके बाद हमलावरों ने वर्षा की हत्या कर दी।
वर्षा बालाघाट के खैरलांजी के किन्ही गांव की रहने वाली थीं। 14 नवंबर को महाराष्ट्र के बोंडरानी गांव के जंगल में उनकी हत्या की गई। गोंदिया अपराध शाखा ने गुरुवार को मोना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। वर्षा तुरकर (35) बालाघाट जिले के खैरलांजी तहसील के किन्ही गांव की रहने वाली थीं। वे पुणे के धानोरी इलाके में रहती थीं और पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो के टिकट काउंटर पर काम करती थीं।
दिवाली की छुट्टियों में वे अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मायके आई थीं। उनकी शादी 2024 में हुई थी। उनके पति इंदौर में रहते हैं। 14 नवंबर को वर्षा अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ गोंदिया जिले के तिरोड़ा गई थीं। लौटते समय दोनों महाराष्ट्र्र के बोंडरानी गांव में शिव मंदिर के पास जंगल में रुके। शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच बाइक से आए तीन युवकों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया। उनके पेट और पीठ पर कई वार किए गए। हमलावर वारदात के बाद भाग गए।
पहले नकाबपोश बदमाशों के हमले की कहानी बताई: शुरुआत में नितेश ने वर्षा के परिजन को फोन कर बताया था कि जंगल में नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला किया और लूटपाट की। हमलावरों ने वर्षा पर चाकू से वार किए। हालांकि, नितेश को कोई चोट नहीं आई थी। पुलिस को उसके बयान में विरोधाभास नजर आए। पुलिस ने नितेश से पूछताछ की और लूटपाट समेत दूसरे पहलुओं पर जांच शुरू की। बाद में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल में हत्या के पीछे प्रेम संबंधों का विवाद और सुपारी देने की साजिश सामने आई। पुलिस के मुताबिक, वर्षा और नितेश के बीच प्रेम संबंध थे। नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल (41) इस रिश्ते से परेशान थी। उसने वर्षा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।









