रामदेवरा के दर्शन कर लौट रहे देवास के दो दोस्तों की राजस्थान में दर्दनाक मौत, तीसरा गंभीर घायल

तीनों दोस्त देवास से कार में निकले थे, दो परिवारों में पसरा मातम
जोधपुर-जैसलमेर हाइवे पर कार-टेंपो ट्रैवलर की आमने-सामने भिड़ंत में उड़े परखच्चे
अक्षरविश्व न्यूज देवास। घूमने के लिए घर से निकले तीन दोस्तों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनका यह सफर दो परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन जाएगा। राजस्थान के फलोदी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर मंडला कला के पास शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में देवास के दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। कार और टेंपो ट्रैवलर के बीच आमने-सामने हुई भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 15 से ज्यादा श्रद्धालु भी घायल हुए हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार देवास से मुकेश शर्मा, राजेंद्र और जितेंद्र धाकड़ शनिवार दोपहर कार से घूमने के लिए निकले थे। तीनों पहले नाथद्वारा गए और वहां से जोधपुर की ओर रवाना हुए थे। शनिवार देर शाम को जोधपुर-जैसलमेर हाई-वे पर फलोदी जिले के मंडला कला के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार मुकेश (50) और राजेंद्र (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर की हड्डी में गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुजरात लौट रहे थे श्रद्धालु: टेंपो ट्रैवलर में गुजरात के पालनपुर और बनासकांठा क्षेत्र के श्रद्धालु सवार थे। सभी बाबा रामदेव के दर्शन करने के बाद रामदेवरा से गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान मंडला कला के पास उनकी गाड़ी की देवास की ओर से जा रही कार से भिड़ंत हो गई।
धमाके की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण
हादसे की सूचना मिलते ही मंडला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं देचू पुलिस भी अस्पताल पहुंची। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को निकालने में मदद की। इसके बाद 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों से घायलों को देचू उप जिला अस्पताल तथा मंडला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। हादसे में 15 से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
मुकेश कार बाजार तो राजेंद्र की थी मार्बल दुकान
हादसे में जान गंवाने वाले मुकेश मोती बंगला क्षेत्र के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। वे पिछले कुछ वर्षों से कार बाजार का व्यवसाय कर रहे थे। वहीं राजेंद्र धाकड़ की राजोदा जेल रोड पर मार्बल की दुकान है। बताया गया है कि दोनों पहले इंदौर में भी कार बाजार संचालित करते थे। तीसरे साथी जितेंद्र धाकड़ कांकड़दा निवासी हैं। वे पहले फाइनेंस का काम करते थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से गांव में खेती कर रहे हैं।
सोमवार सुबह देवास पहुंच सकते हैं शव
फलोदी थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर किशनराम के अनुसार दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हादसे में घायल जितेंद्र का जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों के शव सोमवार सुबह तक देवास पहुंचने की संभावना है। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में शोक छा गया। जिस सफर पर तीन दोस्त साथ निकले थे, उसमें से दो की वापसी अब पार्थिव शरीर के रूप में होगी, जबकि तीसरा अस्पताल में उपचारत है।









