दो प्रमुख मंडलों के गरबे पर संकट, एक का स्थगित, दूसरे को नहीं मिल रही जगह

नवरात्र: पर्व शुरू होने में सिर्फ दो ही दिन शेष, पंडालों को अनुमति में फंसा पेंच, एक की भी अनुमति जारी नहीं
युवतियों महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की शक्ति स्कवॉड
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सनातन धर्म में शक्ति की आराधना का सबसे बड़ा पर्व नवरात्र (अश्विन नवरात्र) शुरू होने में सिर्फ दो दिन शेष हैं और अब तक पंडालों को अनुमति जारी नहीं हुई है। नए शहर में होने वाले दो प्रमुख गरबों के सामने इस बार जगह का संकट खड़ा हो गया है। एक ने अपना गरबा स्थगित कर दिया है, जबकि दूसरा मंडल अन्य जगह तलाश रहा है। हालांकि पुलिस ने अपनी गरबा तैयारियों को पुख्ता कर लिया है। इस बार उसकी शक्ति स्कवॉड (महिला अफसर और पुलिसकर्मी) पंडालों के आसपास रहेगी। शक्ति मोबाइल भी जिले भर में गश्त करेगी।
दरअसल, पश्चिम भारत में आने वाले उज्जैन में चैत्रीय की तुलना में अश्विन नवरात्र का ज्यादा जोर रहता है। गुजरात का पड़ोसी राज्य होनेे से यहां गरबे भी खूब खेले जाते हैं। शहर में करीब 10 जगह बड़े स्तर पर नि:शुल्क और 50 से ज्यादा जगहों पर छोटे स्तर पर गरबों के आयोजन होते हैं। पास, कूपन वाले गरबे भी खूब होते हैं। हर साल आयोजकों को एक सप्ताह पहले तक अनुमति जारी हो जाती है लेकिन इस बार बुधवार शाम तक एक भी अनुमति जारी नहीं हुई थी।
यहां देखा और खेला जा सकता है गरबा
- – सामाजिक न्याय परिसर
- – दशहरा मैदान
- – नानाखेड़ा स्टेडियम
- – डाबरीपीठा
- – नईपेठ
- – गुजराती समाज
- – महानंदानगर स्पोटर््स एरिना
डोम निर्माण: इस बार नवरंग डांडिया नहीं
कालिदास अकादमी परिसर में होने वाला नवरंग डांडिया इस बार नहीं होगा। 17 साल पहले इस डांडिये की शुरुआत स्वीमिंग पूल के सामने वाले गार्डन में तब के बजरंगी और आज के भाजपाई मुकेश यादव (उज्जैन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष) ने की थी। गरबा करने वाली युवतियों की संख्या बढ़ी तो आयेाजन को कालिदास अकादमी परिसर में शिफ्ट किया गया। इस बार अकादमी परिसर वाली जगह में डोम बन रहा है, ऐसे में आयोजन निरस्त कर दिया गया है। संयोजक मुकेश यादव ने बताया कि जगह की उपलब्धता नहीं होने से आयोजन निरस्त किया है।
सनातन मंच-क्लब के झगड़े में उलझा गरबा
दो साल पहले गठित सनातन क्लब का गरबा झगड़े में उलझा हुआ है। पिछले साल इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में गरबा हुआ था। इस बार क्लब में दो फाड़ है। एक सनातन मंच है तो दूसरा सनातन क्लब। मंच अध्यक्ष भाजपा कोषाध्यक्ष प्रकाश यादव हैं, जबकि क्लब के करण परमार। परमार पार्षद वार्ड ५३ की पार्षद निर्मला के पति हैं। अब मंच और क्लब के बीच जगह का संकट है। पुलिस की आपत्ति के बाद एसडीएम कोठी महल ने फिलहाल पुरानी जगह दोनों को आवंटित करने से मना कर दिया है। ऐसे में इनके गरबों पर संशय बना हुआ है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
पुलिस के अभिमत के कारण आवंटन रोका
इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में गरबे के लिए जमीन का आवंटन पुलिस अभिमत के बाद रोका गया है। यहां विवाद की आशंका जताई गई थी। अभिमत के आधार पर अनुमति जारी कर रहे हैं। बुधवार शाम तक एक भी अनुमति जारी नहीं की थी।
पवन बारिया, एसडीएम कोठी महल
पुरानी जगह के सामने गरबे होंगे
सनातन मंच के गरबे इस बार भी होंगे। बस स्वरूप थोड़ा छोटा हो सकता है। इस बार मेला नहीं लगेगा, क्योंकि अनुमति और जगह का मसला उलझा है। पुरानी जगह के सामने वाली खाली जगह पर गरबे होंगे। हमारी बच्चियों की प्रैक्टिस जारी है।
परेश कुलकर्णी
संयोजक, सनातन मंच
पंडालों के आसपास शक्ति दल रहेगा
शक्ति के पर्व में इस बार पुलिस के शक्ति दल सक्रिय रहेंगे। इसमें शामिल महिला अफसर और कर्मी पंडालों की औचक जांच करेंगे। एफआरवी में भी महिलाओं की तैनाती रहेंगी। पंडालों को अनुमति देने के लिए पुलिस का अभिमत देने का काम जारी है। विवादास्पद मसले सामने ला रहे हैं।
आलोक शर्मा, एएसपी, पूर्व
तारामंडल के सामने होंगे
तारामंडल के सामने ही गरबे होंगे। पुरानी जगह (इंजीनियरिंग कैंपस) मांगी थी, फिलहाल वह नहीं मिली है। नई जगह पर गरबे कराएंगे। हमारे बच्चों की रिहर्सल हरिओम विहार में जारी है।
करण परमार, संयोजक सनातन क्लब









