सड़क घेरनेवालों की घेराबंदी

एलिवेटेड ब्रिज : लोहे की चद्दरों से संकरा हुआ रास्ता, निगम अमले ने संभाला मैदान
नगर निगम की रिमूवल गैंग अतिक्रमण हटाने उतरी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक आगर रोड पर मंगलवार की दोपहर भगदड़ मची थी। ठेले वालों को खदेड़ा जा रहा था और फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले सामान समेट रहे थे।
दरअसल, नगरनिगम की रिमूवल गैंग यहां अतिक्रमण हटाने उतरी थी। निगम मुख्यालय से चंद ही कदमों की दूरी पर सड़क पर फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए रिमूवल गैंग को इसलिए आना पड़ा था कि एलिवेटेड ब्रिज निर्माण के लिए लगाई गई लोहे की चद्दरों के कारण सड़क संकरी हो गई है और यहां पर सोमवार रात लंबा जाम लगा था।
दिन में वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे थे। ऐसे में निगम का सोया अमला जाग उठा और उसने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। कोयलाफाटक से लेकर मंडी गेट तक गुमटियों के टीनशेड, ठेले और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। लोगों को हिदायत भी दी गई कि आगे से अतिक्रमण नहीं करें, नहीं तो सामान भी जब्त किया जाएगा। इस दौरान ठेला गाडिय़ों को जब्त भी किया गया।









