शासन की योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाना पहला टारगेट : डॉ. विक्रम रघुवंशी

5 दिन बाद जिले को मिले प्रभारी सीएमएचओ, माधवनगर अस्पताल के अधीक्षक को दिया चार्ज
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 100 बेड के माधवनगर अस्पताल का कायाकल्प करने वाले डॉ. विक्रम रघुवंशी उज्जैन के प्रभारी सीएमएचओ बन गए हैं। बुधवार को उन्होंने पद भी संभाल लिया। डॉ. रघुवंशी ने कहा कि उनका पहला टारगेट शासन की योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने का रहेगा।
30 सितंबर को पूर्व सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल सेवानिवृत हुए थे। चरक भवन के रेडियोलॉजिस्ट डॉ अनिल भार्गव को तब प्रभार दिया गया था। 1 अक्टूबर को जारी आदेश के बाद डॉ. भार्गव ने प्रभार लेने से मना कर दिया था। तब से यह पद खाली था। मंगलवार शाम कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने डॉ. विक्रम रघुवंशी को प्रभार सौंपने के आदेश दिए।
कोरोना काल से चर्चा में आए, अस्पताल बदल दिया
डॉ. विक्रम रघुवंशी कोरोना काल से चर्चा में आए थे। माधवनगर अस्तपाल के अधीक्षक रहते हुए उन्होंने यहां बेहतर सुविधाएं जुटाई थीं। छह साल में आज यह अस्पताल पूरी तरह बदल गया है। यहां 24 घंटे और सातों दिन ओपीडी में डॉक्टर मिलते हैं। अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था उम्दा है। दवा वितरण से लेकर हर काम बेहद सुधरा है। यहां का आईसीयू निजी अस्पतालों को मात देता है। फिलहाल अस्पताल में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहे हैं और यह सिंहस्थ के लिए तैयार हो रहा है।
चरक भवन सहित जिले की स्वास्थ्य सेवा ठीक करेंगे
अक्षरविश्व से डॉ. रघुवंशी ने कहा कि उनका फोकस जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर रहेगा। मौजूदा व्यवस्था के बीच सरकारी योजनाओं को लाभ आम जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी। सीएस डॉ. संगीता पलसानिया की मदद से चरक भवन की सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा। कोशिश रहेगी कि सभी को अच्छी और किफायती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो।
View this post on Instagram









