परिवार से बिछड़ने के बाद उठाया खौफनाक कदम

ग्वालियर में पारिवारिक तनाव के बीच 33 वर्षीय राजेश जाटव ने उठाया कदम, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पत्नी और बेटे से अलग होने के बाद मानसिक तनाव में रह रहे 33 वर्षीय युवक की तेजाब पीने से मौत हो गई। घटना मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी गांव की है। शनिवार रात युवक ने घर में रखा तेजाब पी लिया। परिजन उसे तत्काल जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रात में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, खुरैरी गांव निवासी राजेश जाटव ने शनिवार रात करीब 9 बजे घर में रखा तेजाब पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जयारोग्य अस्पताल ले गए। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पांच साल पहले पत्नी बेटे को लेकर चली गई थी
मृतक के भाई के मुताबिक, राजेश मजदूरी करता था और उसे शराब पीने की लत थी। करीब आठ साल पहले उसकी शादी झांसी निवासी क्रांति से हुई थी। शराब पीने की आदत से परेशान होकर पत्नी करीब पांच साल पहले अपने बेटे को लेकर उससे अलग हो गई थी। उस समय बेटा करीब पांच साल का था।
परिजनों के अनुसार, पत्नी और बेटे से दूर होने के बाद राजेश मानसिक तनाव में रहने लगा था। इस दौरान उसकी शराब पीने की आदत भी बढ़ गई थी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।








