ऐप पर दोस्ती, होटल में मुलाकात और फिर ब्लैकमेलिंग

ग्वालियर। डेटिंग एप पर दोस्ती कर होटल में मिलने बुलाने के बाद 28 वर्षीय युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर युवक को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और उससे नकदी व ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 1.38 लाख रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद 70 हजार रुपए और मांगे तथा रकम नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
मामले में क्राइम ब्रांच ने मुरैना से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शाम करीब 4 बजे युवक होटल पहुंचा तो आरोपी उसे कमरा नंबर 206 में ले गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान चार अन्य युवक भी कमरे में आ गए और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर उसे जेल भेजने की धमकी देने लगे। आरोप है कि पांचों बदमाशों ने युवक को बंधक बनाकर बेल्ट से पीटा। मारपीट में उसके गाल और दाहिने पैर में चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर मोबाइल से अश्लील वीडियो बना लिया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे।
डर के कारण पीडि़त ने अपनी जेब में रखे 8 हजार रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड और पासवर्ड लेकर 30 हजार रुपए निकाले। एक क्यूआर कोड के जरिए भी 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि डेटिंग एप के जरिए युवक को होटल में बुलाकर बंधक बनाने, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
डेटिंग एप पर ‘हरियाणा’ आईडी से हुई दोस्ती
माधौगंज की लड्डूवाली गली निवासी पीडि़त ने पुलिस को बताया कि वह ग्राइंडर डेटिंग एप इस्तेमाल करता है। 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे उसकी ‘हरियाणा’ नाम की प्रोफाइल से बातचीत हुई। इसके बाद आरोपी ने अपना नाम राहुल बताकर उसे सिटी सेंटर के पटेल नगर स्थित होटल गोल्डन लीफ में मिलने बुलाया।








